सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कल होगी मतों की गिनती
16 अप्रैल को दुमका एवं बासुकीनाथ नगर निकाय के लिए हुए मतगणना की तैयारी अंतिम चरण में है। 20 अप्रैल को होने वाली मतगणना के लिए वज्रगृह सह मतगणना स्थल जिला स्कूल दुमका में सुरक्षा के सभी चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पूरे मतगणना परिसर की सीसीटीवी कैमरे की पैनी नजरों से निगरानी रखी जा रही है। सभी प्रत्याशी भी टेंट लगाकर वज्रगृह पर अपनी निगाह जमाए हुए हैं। दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष पद के मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। अर्थात अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम तीसरे राउंड की गणना में ही सामने आ जाएगा। उपाध्यक्ष पद के मतों की गणना 7 टेबल पर की जाएगी। अर्थात उपाध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम छठे राउंड की गणना के बाद ही सामने आ पाएगा। वार्ड सदस्य पद के लिए वार्ड नम्बर 1 से 13 तक के 24 मतदान केन्द्रों में हुए मतदान की गणना 9 टेबल पर की जाएगी। अर्थात तीसरे राउंड की गणना के पश्चात इन वार्ड के सदस्य पद के लिए परिणाम सामने आ जाएंगे। जबकि वार्ड नंबर 14 से 21 तक 15 मतदान केन्द्र के इवीएम से मतों की गणना 8 टेबलों पर की जाएगी। जिसका चुनाव परिणाम दूसरे राउंड की गणना के पश्चात ही सामने आ जाएगा। बासुकीनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के मतों की गणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। अर्थात अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम दूसरे राउंड की गणना के बाद ही सामने आ जाएगा। उपाध्यक्ष पद के लिए मतगणना के लिए 7 टेबल लगाए गए हैं। अर्थात उपाध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम तीसरे राउंड की गणना के पश्चात ही सामने आ पाएगा। वार्ड सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 1 से 12 तक के मतगणना के लिए 6 टेबल लगाए गए हैं, अर्थात कुल 18 मतदान केंद्रों के ईवीएम की गणना तीसरे राउंड की समाप्ति के पश्चात ही पूरी होगी। उल्लेखनीय है कि दुमका एवं बासुकीनाथ नगर निकाय चुनाव में कुल 37 पदों के लिए 168 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। दुमका नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 05, उपाध्यक्ष पद के लिए 07 तथा 21 वार्ड सदस्य पद के लिए 89 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। बासुकीनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 04, उपाध्यक्ष पद के लिए 07 तथा 12 वार्ड सदस्य पद के लिए 56 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतगणना की तैयारी पूरी, 37 पदों के लिए 168 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 20 अप्रैल को
मतगणना को लेकर बैठक में शामिल अधिकारी।
मतगणना के लिए कर्मियों को मिला प्रशिक्षण
दुमका|दुमका के इंडोर स्टेडियम में 20 अप्रैल को जिला स्कूल दुमका स्थित मतगणना केंद्र में निकाय चुनाव के मतों की गणना होगी। इस निमित्त मतगणना कार्य में सम्मिलित होने वाले मतगणना सहायक तथा मतगणना पर्यवेक्षक सहित तमाम कर्मियों को उनके काम एवं दायित्व से संबंधित विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता इन्दु गुप्ता, एनईपीके निदेशक विनय कुमार सिंकू, आइटीडीए के निदेशक शिशिर कुमार सिन्हा, प्रशिक्षण कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी शिवनारायण यादव एवं सुधीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।