दुमका में 58% मतदान, बासुकीनाथ में दिखा उत्साह
दुमका में नगर निकाय चुनाव सोमवार को हल्की नोकझोंक के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। विभिन्न वर्ग के मतदाओं ने अपने मताधिकार का उपयोग पूरे उत्साह के साथ किया। दुमका नगर पर्षद का मतदान शाम पांच बजे तक 58 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि नगर पंचायत बासुकीनाथ का मतदान प्रतिशत 76.69 रहा। दोनों क्षेत्रों में कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान को लेकर अहले सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह दिखा। दोपहर के बाद मतदान केन्द्रों में थोड़ी भीड़ कम देखी गयी। हालांकि कई मतदान केन्द्रों में शाम 5 बजे के बाद भी कतार में लोग खड़े रहे। अग्रसेन भवन में स्थित मतदान केन्द्र में भाजपा प्रत्याशी अमिता रक्षित ने बोगस मतदान की शिकायत करते हुए जिला प्रशासन से मतदान केन्द्र रद्द करने की मांग की। सुबह 9 बजे तक बासुकीनाथ का मतदान प्रतिशत 18.36 रहा। पूर्वाह्न 11ः00 बजे तक दुमका नगर परिसदन का मतदान प्रतिशत 26.44 एवं नगर पंचायत बासुकीनाथ का मतदान प्रतिशत 42.04 रहा। अपराह्न 01ः00 बजे तक दुमका नगर परिसदन का मतदान प्रतिशत 40.54 एवं नगर पंचायत बासुकीनाथ का मतदान प्रतिशत 59.15 रहा।