एक साल से बिजली तार नहीं लगाने का मामला सीएम जनसंवाद पहुंचा
दुमका|जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के जामुगड़िया पंचायत के अंतर्गत चायपानी गांव में कई वर्षों से बिजली नहीं है। गांव सड़क टोला, मांझी टोला और बीड़ा टोला में बंटा है। सड़क टोला के ट्रांसफार्मर से सड़क टोला में बिजली आपूद्दत होती है और मांझी टोला के ट्रांसफार्मर से मांझी टोला और बीड़ा टोला को बिजली आपूर्ति होती है। बिजली विभाग द्वारा सड़क टोला में लगभग एक वर्ष पूर्व नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। ट्रांसफार्मर से टोला तक जाने वाली 250 वोल्ट का तार नहीं लगाया गया। इस कारण इस टोला में बिजली अभी तक चालू नहीं हुई है। ग्रामीण कहते हैं कि ट्रांसफार्मर लगाते समय विभागीय मिस्त्री ने जानकारी दी थी कि शीघ्र ही एक सप्ताह में तार लगा दिया जाएगा। करीब एक वर्ष हो गए अब तक न तो तार लगाया गया न ही इस टोला में बिजली चालू किया गया है। इसी गांव के मांझी टोला में स्थित ट्रांसफार्मर दो वर्ष पूर्व जल गया है। मांझी टोला और बीड़ा टोला को बिजली आपूर्ति होती थी। हाल के ही दिनों तकरीबन 20 पोल हाईटेंशन तार की चोरी कर ली गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कोई भी जनप्रतिनिधि सहयोग नहीं कर रहे हैं। गांव में वर्षो से बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को बहुत दिक्कत हो रही है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण थक-हार कर मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में शिकायत दर्ज किया है।