दुमका|एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, काठीजोरिया में रविवार को हेल्थ कैंप लगाया गया। दुमका सदर अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर तुषार ज्योति एवं फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. विपुल मंडल ने स्कूल की छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की। डॉ तुषार ज्योति ने बताया कि चिकित्सकीय जांच में तीन छात्राओं में जॉन्डिस के लक्षण पाए गए। तीन छात्राओं की उंगलियां टेढ़ी पाई गई जो जन्मजात है। किसी भी छात्रा में हिमोग्लोबिन की कमी नहीं पायी गयी। सभी छात्राओं की चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। डॉ विपुल मंडल ने बताया कि आमतौर पर छात्राएं स्वस्थ पायी गयीं। दो छात्राओं को हल्का बुखार था जिसकी दवा दी गई। विद्यालय की शिक्षिका सह एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर सुमिता सिंह ने बताया कि एकलव्य विद्यालय में प्रत्येक माह विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। स्वास्थ्य शिविर में कक्षा 6 से 12 की 480 छात्राओं की जांच की गयी। शिविर में प्रचार्या करुणा शर्मा, शिक्षिका संजीता मराण्डी, रंजु कुमारी, रिंकी ठाकुर, मरियम, शिक्षक नारायण सिंह, नागेंद्र मिश्रा, नीतीश राय, जितेंद्र दास, रजनीश थे।