निकाय चुनाव को लेकर निकला फ्लैग मार्च
दुमका। शहर में होने वाले निकाय चुनाव को देखते हुए प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। इसी का अहसास कराने के लिए रविवार को एसडीओ राकेश कुमार व डीएसपी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। नगर थाना से निकला मार्च टीन बाजार होते हुए रसिकपुर तक गया। वहां से दुधानी, नेशनल स्कूल होते हुए गांधी मैदान होकर डंगालपाड़ा के शिवमंदिर चैक तक चक्कर लगाते हुए थाना लौट आया। मार्च में आगे-आगे एसडीओ व डीएसपी के अलावा नगर थाना के पुलिस निरीक्षक देवव्रत पोद्दार और उनके पीछे वज्र वाहन के अलावा अन्य गाड़ियां चल रही थी। एसडीओ ने बताया कि स्वतंत्र व निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में मतदान कार्य कराने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया। मतदान के लिए किसी को डरने की आवश्यकता नहीं है। हर कोई बेखौफ होकर अपने मताधिकार का उपयोग करें। प्रशासन की ओर से हर बूथ पर कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।