प्रेमी युगल की तलाश में पटियाला पुलिस पहुंची
प्रेमी युगल की तलाश में मंगलवार को पटियाला पुलिस ने नगर थाना के सहयोग से दुमका शहर के जरूवाडीह में रहने वाले प्रेमी के चाचा के घर में दबिश दी। चाचा से मुलाकात नहीं होने पर पुलिस ने उनका सही ठिकाना पता करने के लिए कई स्कूलों से संपर्क किया लेकिन पता नहीं चला। जानकारी के अनुसार पटियाला में रहने वाला जोतेन्द्र सिंह अपने ही शहर की एक लड़की को शादी की नीयत से लेकर फरार हो गया।
युवती के परिजनों ने आठ दिसंबर 17 को पटियाला थाने में जितेंद्र के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। इस बीच पुलिस को पता चला कि जितेंद्र युवती को लेकर शहर के जरूवाडीह में अपने चाचा हरजिंदर सिंह की ससुराल में ठहरा हुआ है। इसी सूचना के आधार पर पटियाला से आए एक एएसआइ ने नगर थाना के सहयोग से जरूवाडीह आवास में छापेमारी की लेकिन चाचा नहीं मिला। घर की महिला ने पुलिस को बताया कि हरजिंदर दुमका में ही कहीं रहता है और उसका नौ साल का बेटा हैप्पी सिंह किसी स्कूल में पढ़ता है। बेटे के माध्यम से चाचा तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कई स्कूलों की जांच कर यह जानने का प्रयास किया कि बेटा उनके स्कूल में पढ़ता है की नहीं। दो तीन स्कूलों में छानबीन के बाद भी चाचा के घर का पता नहीं चल सका। नगर थाना के पुलिस निरीक्षक देवव्रत पोद्दार ने बताया कि चाचा ने प्रेमी युगल के फरार होने में अहम भूमिका निभाई। चाचा की ससुराल में दबिश दी गई लेकिन उसका ठिकाना नहीं मालूम हो सका। उसके बेटे के माध्यम से चाचा तक पहुंचने के लिए स्कूल में छानबीन की गई लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ।