जिस कमल नामक युवक के सिर पर 28 मई को सेहरा सजने वाला था, सोमवार को उसकी अर्थी उठ गई। सोमवार को हादसे में घायल कमल और उसका दोस्त मोहन मुर्मू ने भी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया। कमल हांसदा देवघर के पालोजोरी थाना क्षेत्र के पुलगी गांव और मोहन मुर्मू देवघर के बैद्यनाथपुर का रहने वाला था।
बताया जाता है कि कमल हांसदा की शादी 28 मई को तय थी। वह शादी को लेकर खासा उत्साहित था। रविवार को दोस्त मोहन के साथ अपनी शादी का कार्ड बांटने के लिए घर से निकला था। जामा में कार्ड बांटने के बाद वह देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। लकड़जोरिया गांव के समीप ट्रैक्टर ने सामने से बाइक में ठोकर मार दी। मौके पर ही कमल की मौत हो गई, जबकि साथी मोहन की हालत नाजुक बनी हुई थी। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर किया। सुबह होने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। दोपहर को दोनों के परिजन अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव को साथ ले गए।