गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के निर्देश पर शनिवार को दुमका के सरैयाहाट प्रखंड के केंदुआ पंचायत भवन में स्थानीय प्रशासन की ओर से जनता दरबार का आयोजन कर लोगों की शिकायत सुनी गई। सांसद की अनुपस्थिति में सांसद प्रतिनिधि सीताराम पाठक ने समस्या सुनने के बाद संबंधित पदाधिकारी से त्वरित कार्यवाही करने का निर्देश दिए।
सांसद प्रतिनिधि ने जनता दरबार में लोगों को संबोधित कर कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनता दरबार के माध्यम से लोगों के समस्या का समाधान करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। जनता दरबार में उपस्थित ग्रामीणों द्वारा केंदुआ पंचायत में समुचित बिजली व्यवस्था एवं सरैयाहाट से कुरमाहाट वाया केंदुआ जर्जर सड़क निर्माण की मांग रखी गई। इसमें सांसद प्रतिनिधि ने बिजली की समस्या के निदान कराने का आश्वासन दिया एवं सड़क की समस्या सांसद तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। जनता दरबार में विभिन्न समस्या हेतु कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें अधिकांश आवेदन प्रधानमंत्री आवास एवं राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित था। इसके साथ ही शौचालय निर्माण, सिंचाई कूप निर्माण, पशु शेड व विधवा पेंशन आदि शामिल है। वहीं टोंगी गांव के किसान सुरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि मनरेगा से सिंचाई कूप निर्माण की स्वीकृति मिली थी। जिसमें आधा से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके बदले मात्र 90 हजार रुपए ही मिला है। राशि के अभाव में कूप निर्माण अधूरा पड़ा है। बीपीओ से समस्या का निदान करने को कहा। इसके पूर्व केंदुआ गांव की पांच महिलाओं द्वारा स्वयं शौचालय निर्माण कार्य पूरा किए जाने से उन पांचों महिलाओं को मनरेगा मद से 12-12 हजार का चेक सांसद प्रतिनिधि ने प्रदान किया। मीरा देवी, मीना देवी, कर्मी देवी, पार्वती देवी एवं मालती देवी थीं।