बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से हुए घायल
निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी-डुमरी बस स्टैंड के समीप बुधवार की शाम बाइक और कार के बीच हुई टक्कर में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दोनों काे प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बगोदर थाना क्षेत्र के गोलगो निवासी मुकेश यादव और लखन यादव इसरी बाजार से घर गोलगो बाइक से जा रहे थे। इसी क्रम में बस स्टैंड के समीप उसी दिशा में जा रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी। दुर्घटना में बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।