पेपर चोरी प्रकरण में गोकुलपुरा स्कूल के संस्थाप्रधान एपीओ
डूंगरपुर | गोकुलपुरा सैकंडरी स्कूल में सोमवार को तीन कक्षाओं के पेपर चोरी प्रकरण में मंगलवार को कलेक्टर राजेंद्र भट्ट ने संस्था प्रधान भूपेंद्र भट्ट को एपीओ कर दिया है। कलेक्टर ने देर शाम आदेश जारी करते हुए संस्था प्रधान को बीकानेर के लिए कार्यमुक्त कर दिया।
पेपर चोरी के बाद नए पेपर प्रिंट करने में होने वाले एक लाख रुपए का नुकसान सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने संस्था प्रधान भूपेंद्र भट्ट को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में जांच दल गठित किया, जो विभागीय जांच रिपोर्ट निदेशक को पेश करेगा। पुलिस अपने स्तर पर अलग से जांच कर रही है।
प्रथमदृष्टया मामले में स्थानीय स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। चाबियों को लेकर सतर्कता नहीं बरतना विभाग ने गंभीर माना है। बताया जा रहा है कि प्रश्न पत्र चोरी होने के बाद पुलिस ने अनुचित साधनों का उपयोग संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं प्रश्न पत्र चोरी होने से शिक्षा विभाग को करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
17 अप्रैल को प्रकाशित खबर