गोपाल धाम लीलवासा धाम का मंदिर निर्माण कार्य जारी
डूंगरपुर। लीलवास का गोपाल धाम मंदिर में गुरुवार को समाजसेवी व अखिल भारतीय एकता मंच नई दिल्ली और जय हनुमान रामचरित मानस प्रचार समिति के सदस्यों ने मंदिर निर्माण का अवलोकन किया। गोपाल धाम कमेटी अध्यक्ष लालशंकर पाटीदार ने बताया कि निर्माण का कार्य शीघ्र ही पूर्ण होगा। इस मंदिर का पुन: निर्माण कार्य वर्ष 2017 से निरंतर चल रहा है। मंदिर निर्माण के लिए भक्तजनों व भामाशाहों का सहयोग भी प्राप्त हो रहा है। समाजसेवी व अखिल भारतीय एकता मंच नई दिल्ली के संस्थापक मांगीलाल जैन एवं जय हनुमान रामचरित मानस प्रचार समिति के सत्यनारायण चौधरी गोपाल धाम पहुंचे थे। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा यथासंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए मंदिर के फर्श कार्य हेतु मार्बल देने की घोषणा की। इस दौरान मुख्य शिल्पी चंद्रशेखर सोमपुरा का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। पाटीदार ने बताया कि मंदिर के तलवट की स्थापना 30 अप्रैल को की जाएगी। भक्तजन अपनी बोली 29 अप्रैल तक लगा सकते हैं। कार्यक्रम में देवीलाल पंचाल, हिरण्य प्रकाश पंड्या समेत कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य व भक्तजन मौजूद रहे।