- Hindi News
- National
- रिश्वत लेने की जांच के लिए जयपुर से आई टीम एडीपीसी ने जांच अधिकारी बदलने की मांग रखी
रिश्वत लेने की जांच के लिए जयपुर से आई टीम एडीपीसी ने जांच अधिकारी बदलने की मांग रखी
सर्वशिक्षा अभियान के द्वारा सरकारी स्कूलों में भेजे गए फंड की ऑडिट के दौरान रिश्वत लेने के शिक्षक संघ सियाराम के आरोपों को लेकर शुक्रवार को जयपुर से जांच टीम डूंगरपुर पहुंची। जिले के प्रभारी और सहायक निदेशक राज्य प्रारंभिक शिक्षा परिषद गिरीश भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने सर्वशिक्षा अभियान के अधिकारियों से बयान लिए तो आरोप लगाने वाले शिक्षक संघ सियाराम के पदाधिकारियों के भी बयान दर्ज किए। गौरतलब है कि 22 दिसंबर को सर्वशिक्षा अभियान कार्यालय में लेखाधिकारी पर ऑडिट के दौरान पैसे मांगने का आरोप लगाया गया था। इसकी पत्रावली और शिकायत पत्र संगठन की ओर से शिक्षामंत्री को भेजे गए थे, जिस पर आयुक्त जोगाराम ने जांच कमेटी का गठन किया था। वहीं शुक्रवार को जांच कमेटी ने दोनों पक्षों से बयान दर्ज किए हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान एडीपीसी गोवर्धनलाल यादव ने जांच अधिकारी को बदलने की मांग की है। डीईओ ने एडीपीसी से नीचे के कैडर के अधिकारी को जांच दी थी, इसलिए बदलने की मांग की
दूसरी ओर, एडीपीसी द्वारा सहायक निदेशक को पत्र देकर बताया है कि डीईओ मणिलाल छगण द्वारा जांच अधिकारी उनसे नीचे के कैडर के अधिकारी को दी है, जबकि एडीपीसी का पद बड़ा होता है। ऐसे में नीचे का अधिकारी उनकी जांच कैसे कर सकता है। इसी कारण जांच अधिकारी बदलने की मांग की है। हालांकि अब जांच पूरी तरह से सहायक निदेशक के अधीन हो चुकी है। ऐसे में डीईओ द्वारा गठित जांच दल को लेकर कोई मायने नहीं रहेंगे। हालांकि शुक्रवार को सहायक निदेशक ने जांच अधिकारी और बीईईओ विक्रमसिंह को भी बुलाया गया था।
डीईओ कार्यालय में जांच के लिए आए सहायक निदेशक और अन्य सदस्य।
हमने मौखिक तौर सारी जानकारी सहायक निदेशक और जांच टीम को दी है, हमें बुलाया गया था, हमारे बयान दर्ज करा लिए हैं, लेकिन यहां के ही प्रभारी होने के कारण संदेह तो होता है, फिर उम्मीद करते हैं कि सही कार्रवाई होगी। सुभाषचंद्र भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष शिक्षक संघ सियाराम
संगठन काे संदेह
प्रभारी अधिकारी होने से सही रिपोर्ट नहीं जाएगी
शिकायतकर्ता शिक्षक संघ सियाराम ने इस बात की आशंका व्यक्त की है कि जांच दल का नेतृत्व जिले के प्रभारी और सहायक निदेशक गिरीश भारद्वाज कर रहे हैं। ऐसे में संगठन का कहना है कि प्रभारी होने के कारण सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारियों की लाइजनिंग है।ऐसे में निष्पक्ष जांच कैसे की जा सकती है, लेकिन उम्मीद यही है कि जो दस्तावेज भेजे गए हैं, उसके दम पर कार्रवाई संभावित है।
हम जांच के लिए आए थे, बयान लिए हैं और इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सुपुर्द करेंगे। गिरीश भारद्वाज, सहायक निदेशक और जांच अधिकारी।