तीन महीने में चोरी की 32 वारदात, पुलिस नाकाम
चोरी, नकबजनी और हत्या जैसे संगीन अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है और पुलिस इन अपराधों को रोकने के साथ ही खुलासा करने में भी नाकाम साबित हो रही है। चोरी, नकबजनी के कई मामले अब भी अनसुलझे हैं, हालांकि कुछ मामलों में पुलिस को सफलता मिली है, लेकिन सुने घरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं हो सका है। यही कारण है कि लगातार अपराधों की संख्या बढ़ रही है।
जिले में पिछले तीन महीनों में अपराधों के आंकड़ों पर गौर करें तो सबसे ज्यादा वारदातें चोरी की हुई है। इन तीन महीनों में हर तीसरे दिन एक चोरी की वारदात हुई है। कुल 32 चोरी की वारदातें हुई। इसके अलावा नकबजनी की 19 वारदातें हुई है, जिसमें संपत्ति संबंधी अपराध हुए हैं। इनमें से कई अपराध पुलिस ने खोल दिए, लेकिन खासकर सूने घरों में चोरी की वारदातों को रोकने या हो चुकी घटनाओं में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
ऐसे में लोगों के मन भी पुलिस की गश्त व्यवस्था से लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। इधर, पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदातों को लेकर वह संदिग्ध अपराधियों पर निगरानी रख रहे हैं और उन वारदातों का खुलासा करने का प्रयास भी किया जा रहा है, लेकिन अब तक किसी भी वारदात के बारे में पता नहीं लग सका है।
केस : 1 - 13 मार्च के दिन शहर की न्यू कॉलोनी में विनायक भगोरा के घर में लाखों रुपए की चोरी की वारदात हुई। उसके घर से जेवर और नकदी चोरी कर ले गए थे। पुलिस इस वारदात का अब तक सुराग नहीं लगा सकी है।
केस : 2 - 3 जनवरी को शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर 6 में भूपेंद्रसिंह चौहान के घर चोरी की वारदात हुई। चोर 2 लाख रुपए नकद और 3 तोला जेवर ले गए।
केस : 3 - 7 जनवरी को सुभाष नगर कॉलोनी में व्योमेश पंड्या के घर में चोरी की वारदात हुई। घर से गणेश की मूर्ति, कीमती सामान चोरी हुआ था। इसमें भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।
केस : 4 - 18 जनवरी को सुभाष नगर कॉलोनी में गोवर्धनलाल प्रजापत के घर चोरी हुई थी। चोर 5 हजार रुपए नकद और 15 तोला के जेवर चोरी कर ले गए थे।
केस : 5 - 19 जनवरी को कलेक्टर-एसपी बंगले के सामने ही डूंगरपुर बीडीओ सुनीता परिहार के सरकारी क्वार्टर में चोरी की वारदात हुई, लेकिन यहां भी पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिले है।
केस : 6 - 22 जनवरी आसपुर थाना क्षेत्र के गोठड़ा गांव में रमेशनाथ जोगी के घर चोरी की वारदात हुई। यहां से 25 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए।
औद्योगिक क्षेत्र रीको में रोडलाइट की हो रही चोरी
भास्कर संवाददाता|बिछीवाड़ा
औद्योगिक क्षेत्र बिछीवाड़ा की सड़कों पर लगे बिजली के खंभों पर रोडलाइट नहीं होने से फैक्ट्री मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन साल से सड़कों पर लगी रोडलाइटें क्षतिग्रस्त हो गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित मेहता और महामंत्री मिलिंद जोशी ने बताया कि रीको एरिया में रोडलाइट नहीं होने से आवाजाही में परेशानी के साथ चोरी होने का भय बना रहता है। रीको क्षेत्र में 26 खातेदार है। माल परिवहन में आने वाले वाहनों को भी फैक्ट्रियों के नाम रात्रि में रोडलाइटें कर सुविधा देना भी है।लेकिन सुविधाओं के अभाव में मालिकों के साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी डर का सामना करना पड़ता है। पहले एसोसिएशन की बैठक तत्कालीन कलेक्टर सुरेंद्रसिंह सोलंकी और रीको मैनेजर के सानिध्य मे हुई थी। उक्त बैठक में समस्याओं को बताया गया था लेकिन आज तक समाधान नहीं हो पाया है।
मेहता का कहना है कि रीको क्षेत्र की ओर से प्रतिमाह राशि वसूल की जाती है लेकिन सुविधाओं का अभाव होने से चोरियां होने की आशंका बनी रहती है। -रोहित मेहता
बिछीवाड़ा. रीको क्षेत्र बिछीवाड़ा मे लगे बिजली के खंभे।
रीको क्षेत्र बिछीवाड़ा में यहां हुई है चोरिया
रीको औद्योगिक क्षेत्र में कई बार चोरियां हुई है लेकिन उसका कोई सुराग आज तक हाथ नहीं लग पाया है। अध्यक्ष ने बताया कि कुमकुम फैक्ट्री, ज्योति मिनरल, भूवाली मे जितेंद्र दाधीच और मिलिंद जोशी के वहां चोरियां हुई। जिसमें लोग लोहे के सामान, ट्रांसफार्मर की कॉइल, और मशीनरी सामान चोरी हो गया था। मिलिंद जोशी ने तो थाने में रिपोर्ट भी दी है। इस प्रकार रोड लाईट लगाने की मांग की है।
जोशी ने बताया कि फरवरी माह में ट्रांसफार्मर चोरी हुआ था। जिसमें से तांबे की कोयलों को निकालकर बेच दिया था। उसे लेकर थाने में मुकदमा भी दर्ज करवाया है। -मिलिंद जोशी।
तीन साल पहले लाइटें लगाई थी जो टूट चुकी है, उसको लेकर बजट आ गया है और जल्द ही रोडलाइटें लगाने का काम कर दिया जाएगा। - पीके के बिहारीलाल, क्षेत्रीय प्रबंधक रीको