पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दिव्यांग जनों को रोजगार और सरकार की योजनाओं की जानकारी देगा दिव्यांग सारथी एप

दिव्यांग जनों को रोजगार और सरकार की योजनाओं की जानकारी देगा दिव्यांग सारथी एप

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए और समय-समय पर उन्हें अपडेट करने के लिए भारत सरकार ने मोबाइल एप सेवा शुरू की है।

सुगम्य भारत अभियान के तहत सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय की ओर से शुरू इस एप को दिव्यांग सारथी नाम दिया गया है। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य दिव्यांग सशक्तीकरण है, जिससे कि दिव्यांगजनों को मुख्य धारा में शामिल किया जा सके। मोबाइल एप शुरू करने के पीछे सरकार का उद्देश्य यह है कि दिव्यांगों को आसानी और सुविधाजनक तरीके से सभी सूचनाएं मिल जाएंगी। सिर्फ एक क्लिक के जरिए वह खुद से जुड़ी सरकारी योजनाओं, विभिन्न नियमों, दिशा निर्देशों, रोजगार संबंधी अवसर, छात्रवृत्ति व संस्थागत सहायता जैसी महत्वपूर्ण जानकारी ले सकते हैं।

एप की विशेष बात यह रहेगी कि इसे चलाने के लिए इंटरनेट कनेक्शन की भी जरूरत नहीं है और मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद यह बिना नेट के ही संचालित होगा। सरकार ने दिव्यांगों के लिए एप में एक विशेष सुविधा भी दी है।

इसमें ऑडियो नोट्स नाम का एक कॉर्नर है, जिसमें जाकर दिव्यांग किसी भी लिखित नोट्स को ऑडियो नोट्स में बदल सकते हैं। इतना ही नहीं, एप के जरिए वह इसके फॉन्ट भी छोटे और बड़े कर सकते हैं। मोबाइल एप को हिंदी या इंग्लिश दोनों भाषाओं के अनुरूप तैयार किया गया है और इसे स्मार्ट फोन के माध्यम से गूगल प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। डाउनलोड करने के बाद जिसके पास इंटरनेट नहीं है, वह भी इसे इस्तेमाल कर सकता है।

क्यों बनाया एप...

गौरतलब है कि वर्ष 2011 की जनसंख्या के अनुसार भारत में 2.68 करोड़ से ज्यादा दिव्यांग हैं। यह कुल संख्या के 2.2 प्रतिशत से अधिक हैं। पिछले 6-7 सालों में दिव्यांगजनों की संख्या में और ज्यादा बढ़ोत्तरी हुई है। इसलिए सरकार ने इन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए यह व्यवस्था शुरू की। इससे दिव्यांगजनों को समय समय पर अपडेट किया जा सके।

अब मुख्यधारा में आया एप

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 दिसंबर 2015 को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग जन दिवस के मौके पर सुगम्य भारत अभियान शुरू किया था। राष्ट्रीय स्तर पर शुरू इस अभियान के तहत 27 सितंबर 2017 को यह एप लांच किया गया था।

खबरें और भी हैं...