राज्यभर के जनजाति खिलाड़ी डूंगरपुर में लेंगे प्रशिक्षण
डूंगरपुर। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर की ओर से जनजाति वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों को विशेष खेल प्रशिक्षण 21 मई से लक्ष्मण मैदान में शुरू होगा। प्रशिक्षण शिविर में राज्यभर के जनजाति क्षेत्र के खिलाड़ी भाग लेंगे।
इस प्रशिक्षण में 275 खिलाड़ी राज्यभर आने की संभावना है। लक्ष्मण मैदान में 21 दिन तक चलने वाली प्रशिक्षण शिविर में राज्यभर से खेल विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे। यह प्रशिक्षण शिविर लक्ष्मण मैदान में 21 मई से 10 जून चलेगा। इसमें जिले के करीब 50 प्रतिभावान खिलाड़ी भाग लेंगे। शिविर में बालक-बालिका वर्ग में वालीबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, हॉकी, बास्केटबॉल, खो-खो, हैंडबॉल तथा बालक वर्ग में फुटबाल खेलों में क्रीड़ा परिषद के चयनित प्रशिक्षकों की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी महेश गौतम ने बताया कि इस आवासीय शिविर में छह जिले के जनजाति वर्ग के 275 बालक-बालिकाओं आएंगे। उनके रहने, खाने-पीने की सुविधा जिला मुख्यालय पर की जाएगी।
21 मई को खिलाड़ी डूंगरपुर में करेंगे रिपोर्ट
प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को 21 मई को सुबह 9.30 बजे तक लक्ष्मण मैदान डूंगरपुर पर रिपोर्ट करनी होगी। खिलाड़ियों को आने जाने का किराया, आवास, भोजन एवं निशुल्क प्रशिक्षण राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर की ओर से दिया जाएगा। डूंगरपुर आने वाले खिलाडिय़ों के रहने की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। जिसमे बालक को प्रतिभावान हॉस्टल में ठहराने की व्यवस्था रहेगी। वहीं बालिकाओं की व्यवस्था एसबीपी कॉलेज के पीछे गर्ल्स हॉस्टल में प्रस्तावित है।