बांसड़वाड़ा की 80 महिलाओं से 50 हजार का लोन दिलाने की ठगी की जांच शुरू
डूंगरपुर| तीन महीने पहले शहर के बांसड़वाड़ा मोहल्ले में समूह बनाकर हर महिला को 50 हजार रुपए का लोन दिलाने के मामले की जांच कोतवाली पुलिस ने शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आशा बांसड, सविता बांसड, हुरज, लक्ष्मी बांसड़, नीलम, इंद्रा सहित कई महिलाओं ने शिकायत की थी कि थाणा निवासी सीमा वैष्णव ने तीन महीने पहले 50-50 हजार रुपए का लोन दिलाने की बात कही थी।
उसकी बातों में आकर कई महिलाओं ने समूह बनाया और हर महिला से 2500-2500 रुपए वसूल किए। महिलाओं ने बताया कि रुपए लेने बाद 10 से 15 दिनों में लोन के रुपए दिलाने की बात कही गई, लेकिन 3 महीने बाद भी उन्हें एक रुपया तक नहीं मिला है। मौके पर बवाल होने से कोतवाली पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने सच जानना चाहा तो सीमा ने मंगलवार तक रुपए लौटाने की बात कही थी। इस पर पुलिस उसे कोतवाली ले गई थी। उसने खुद को ट्रिनेटिव मल्टी स्टेट कॉपरेटिव सोसायटी उदयपुर लोढ़ा कॉम्पलेक्स की प्रतिनिधि बताया था। सोसायटी से जुड़े संतोष गर्ग का नाम भी उसने कबूला।