पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चोराें को पकड़ने के लिए लोगों ने शुरू की रात्रि गश्त, पुलिस बना रही टीम

चोराें को पकड़ने के लिए लोगों ने शुरू की रात्रि गश्त, पुलिस बना रही टीम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रविवार की रात सागवाड़ा तो सोमवार की रात डूंगरपुर शहर। सिलसिलेवार एक के बाद एक चोरी की घटनाओं से हिले पुलिस महकमे ने तीन विशेष टीमें बनाकर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी।

चार बड़ी चोरी की वारदात के दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। भास्कर की ओर से पुलिस की कार्यप्रणाली और सुविधाओं में खामियों पर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों ने सुबह से ही व्यवस्थाओं को चाक चौबंद कराने के लिए गश्त को लेकर गश्ती दलों को सतर्कता रखने के लिए पाबंद किया। बंद पड़े कैमरे ठीक कराने के लिए निर्देश दिए। पुलिस ने अलग-अलग तरह की जांच के लिए तीन टीमें बनाई है। पहली टीम वारदात की रात को देर रात की मोबाइल कॉल्स की लॉकेशन्स, बातचीत का समय, वॉट्सएप कॉलिंग और मैसेज की पड़ताल में जुटी है, साथ ही उन्हीं मोबाइल नंबर की उसी क्षेत्र में पूर्व में हुई संदिग्ध और नए मोबाइल नंबरों की जांच में कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पूर्व में वारदातों में शामिल रहे नामजद आरोपियों या फरार चल रहे बदमाशों के संपर्क वाले मोबाइल नंबर्स की लोकेशन वारदात की रात कहां थी। यह जानकारी मिलेगी कि कहीं उन्होंने ही तो चोरियां नहीं की। इसके लिए उन्हीं बदमाशों की रात को हुई बातचीत या तमाम तरह के सोशल साइट्स एकाउंट्स को खंगाला जा रहा है।

नए शातिरों के शामिल होने का संदेह

पुलिस को संदेह है कि इस बार किसी बाहरी और नए शातिर ने हाथ आजमाए हैं। इसके लिए एक अन्य टीम गुजरात के संदिग्ध बदमाशों की मोडासा, अहमदाबाद, संतरामपुर, उदयपुर जिले के खेरवाड़ा, पहाड़ा, राणी-छाणी शहरों की ओर अब रुख करेगी। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी मोबाइल फोन की डिटेल्स आने के बाद ही संभव है।

लापरवाही या मिलीभगत

सोमवार की रात को जो वारदात हुई, उसमें एक तो न्यू कॉलोनी माताजी मंदिर के पास घटी। यहां से रातभर गश्त चलती रहती है, साथ ही माताजी मंदिर के पास तो गश्त करने वाले जवान भी देखे जाते हैं। ऐसे में इस घर में वारदात के बाद खुला छोड़ा गया दरवाजा रात को किसी भी गश्ती दल को दिखाई नहीं देना लापरवाही और मिलीभगत दोनों की तरफ संकेत करता है।

चोरी की वारदातें रोकने, गश्त में हो सुधार : सीओसी

शहर में हो रही चोरी की वारदातों को रोकने के लिए चैंबर ऑफ कॉमर्स ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। डूंगरपुर शहर में एक ही रात में चार जगहों पर चोरियां हो गई। सागवाड़ा की पुनर्वास कॉलोनी में सालभर में 32 बार चोरियां हो चुकी है। इसके अलावा भी जिले के कई कस्बों और गांवों के मंदिर, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरों में चोरी की लगातार वारदातें हो रही है। वर्तमान में 18 बीट में गश्त व्यवस्था चलाई जा रही है जो शहर के फैलाव को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। होमगार्ड जवानों की गश्त के लिए नफरी काफी कम है। सागवाड़ा, आसपुर, सीमलवाड़ा, बिछीवाड़ा कस्बों में भी गश्त के लिए होमगार्ड जवानों की स्वीकृति के लिए मुख्यालय को लिखा जाए।

हमने चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए तीन टीमें बनाई है। साथ ही बंद पड़े कैमरे शुरू कराए जा रहे हैं। -रामसुमेर मीना, सीआई, कोतवाली

सागवाड़ा की मंगलम कॉलोनी में लोग रात में लगा रहे गश्त

पुनर्वास कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की वारदात के कारण मंगलम विहार कॉलोनी के वाशिंदों ने पुलिस और चौकीदार के भरोसे रहने के बजाय खुद अपनी सुरक्षा के लिए गश्त शुरू कर दी है। मंगलवार को मंगलम विहार कॉलोनी के निवासियों ने बैठक रखी। बैठक में यहां रहने वाले करीब 60 परिवारों के प्रतिनिधियों ने सप्ताह के प्रत्येक दिन 10-10 व्यक्तियों के दल बना कर कॉलोनी में हर रोज़ गश्त लगाने का निर्णय लिया। गौरतलब है कि गत शनिवार को पुनर्वास कॉलोनी में दो मकानों में एक साथ चोरी की घटनाएं हुई थी। जिसमें अज्ञात चोरों ने जेवर व नकदी पार कर ली थी। एेसे में अब स्थिति यह है कि कॉलोनी के वाशिंदे घर को सूना छोड़ कर जाने में डरते हैं। अधिकतर चोरियां दिन के समय में हुई है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि अब तक 22 चोरियों का खुलासा करने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। हालांकि पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी है।

शहर में लगाए सीसीटीवी कैमरे बंद

शहर में अपराध पर काबू पान और शहरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका ने जुलाई-2015 में करीब 23.50 लाख रुपए खर्च कर हाईफाई टेक्नोलॉजी वाले कैमरे लगवाए थे, लेकिन इसके बाद कई जगहों पर लगे कैमरों को नियमित पावर सप्लाई के इंतजाम नहीं हो सके। यही वजह रही कि आज दिन तक कैमरे ठीक ढंग से नहीं चल पाए। समाजसेवी पंकज दोसी, पूर्व पार्षद ध्यानीलाल कंसारा, पंकज शाह, कन्हैयालाल व्यास, योगेश पंड्या, देवेंद्र सिंह, विनोद भावसार सहित लोगों ने अज्ञात बदमाशों द्वारा कॉलोनी में रैकी करने का अंदेशा जताया है।

खबरें और भी हैं...