डूंगरपुर। राज्य सरकार की पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ तीर्थ यात्रा योजना के आवेदन शुरू हो गए हैं। यात्रा के इच्छुक लोग ई-मित्र और देवस्थान विभाग की http://devasthan.rajasthan.gov.in वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 10 जून है।
इस योजना में पूरे प्रदेश से 6 हजार यात्री रेल व 4 हजार हवाई जहाज से जा सकेंगे। देवस्थान विभाग की ओर से यात्रा को लेकर कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसमें वरिष्ठजनों को देश के 17 तीर्थ स्थानों पर उनकी पसंद के तीर्थ पर रेल एवं हवाई जहाज द्वारा यात्रा करवाई जाएगी। 60 व उससे अधिक उम्र वाले तीर्थ यात्रा पर जा सकेंगे, जबकि 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग अपने साथ एक सहायक ले जा सकेंगे।
सहायक की आयु 21 से 50 वर्ष होना जरूरी है। वहीं आवेदक के जीवनसाथी की उम्र 60 से कम होगी तो भी वो उसके साथ यात्रा कर सकेगा। हवाई यात्रा के लिए आवेदन करने वालों का चयन होने पर उन्हें जयपुर, जोधपुर व उदयपुर से यात्रा शुरू करनी होगी।
हवाई जहाज से यहां हो सकेगी यात्रा : रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर मदुरई, तिरुपति, कांचीपुरम, जगन्नाथपुरी, भुवनेश्वर सूर्य मंदिर कोणार्क, वैष्णो देवी, द्वारकापुरी, सोमनाथ, नागेश्वर, काशी, बिहारशरीफ, अमृतसर-आनंदपुर साहिब, श्रवणबेलगोला-मैसूर, सम्मेदशिखर-गया-बोधगया, पावापुरी, शिरडी शनि शिंगनापुर, कामाख्या-गुवाहाटी, उज्जैन महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, हरिद्वार-ऋषि केश-मसूरी-देहरादून, अयोध्या के साथ कोच्चि त्रिशूर, श्री सुब्रह्मण्यम स्वामी मंदिर तीर्थ की यात्रा होगी। आवेदन देवस्थान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।