डूंगरपुर। जीएसटी पोर्टल नहीं चलने से जिले के 25 हजार कारोबारी तीन दिन से परेशान हैं। पोर्टल में डाटा सेव नहीं होने के कारण परेशानी हो रही है। इस बीच सरकार ने कारोबारियों की परेशानी को देखते हुए अप्रैल की जीएसटी रिटर्न-3बी दाखिल करने की अंतिम तिथि में दो दिन का इजाफा कर दिया है। अब कारोबारी अप्रैल महीने की मासिक रिटर्न 22 मई तक दाखिल कर सकेंगे। सीए विकास पंड्या ने बताया कि जीएसटी पोर्टल पर 16 मई से समस्या हो रही है। इसमें कारोबारियों द्वारा रिटर्न के लिए डाटा भरने के बाद सेव नहीं हो रहा था। इसके कारण सीए व कारोबारी परेशान हो रहे हैं। वहीं पोर्टल पर आ रही तकनीकी समस्या के कारण सीए भी परेशान रहे। तकनीकी समस्या के कारण परेशान व्यापारी विभाग को लगातार शिकायत कर रहे हैं।
जीएसटीआर-3बी की अंतिम तिथि 20 मई से 22 मई तक बढ़ाई : कारोबारियों की लगातार आ रही शिकायतों और जीएसटी पोर्टल की तकनीकी समस्या को देखते हुए सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के अप्रैल महीने की जीएसटीआर-3बी की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 20 मई थी।