श्रम विभाग की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ जन समुदाय को पहुंचाने के लिए तीन दिवसीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशाला सेव द चिल्ड्रन संस्थान की ओर से शुक्रवार को होटल साई पैलेस में हुई।
समापन के मुख्य अतिथि झाैथरी प्रधान मंजुला रोत थी। जिले की 30 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और समुदाय के 167 संभागियों ने भाग लिया। सेव द चिल्ड्रन प्रतिनिधि द्वारा श्रमिक कार्ड बनाने की प्रक्रिया बताने के साथ ही श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया।
इस दौरान बताया गया कि श्रमिक कार्ड बनाने के लिए संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में कम से कम 90 दिन मजदूरी करना आवश्यक है। इसके बाद संबंधित ठेकेदार या एजेंसी द्वारा एक प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। जिसको संबंधित पंचायत समिति में ई-मित्र की सहायता से जमा कराने पर श्रमिक कार्ड जारी किया जाता है। जिसका उपयोग श्रम विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया जा सकता है। झाैथरी पंचायत समिति की प्रधान मंजूला रोत ने जनप्रतिनिधियों को श्रम विभाग की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ जन समुदाय को पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। विभाग के प्रतिनिधि गौरव जोशी ने श्रमिक कार्ड एवं श्रम विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। सेव द चिल्ड्रन के प्रतिनिधी गजेंद्रसिंह गोहिल ने सभी संभागियों को कार्यशाला में आभार माना।
डूंगरपुर। श्रम विभाग की सामाजिक सुरक्षा योजना की कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों को संबोधित करती प्रधान मंजुला रोत।