डूंगरपुर। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की जिला कार्यकारिणी की बैठक
डूंगरपुर। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को जिला अध्यक्ष डॉ. ऋषिन चौबीसा की अध्यक्षता में डाइट में आयोजित हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश उपसभाध्यक्ष देवीलाल पाटीदार एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष भंवर सिंह चौहान थे। जिला मंत्री राजेन्द्र वरहात ने बताया कि वक्ताओं ने शिक्षकों की समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट करते हुए समाधान की मांग की। बैठक में कुछ पीईईओ द्वारा प्रारंभिक शिक्षा के वेतन बिल बनाने के लिए राशि लेने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए विभाग द्वारा पीईईओ को कार्यालय मद से बजट शीघ्र जारी करने की मांग की। पूर्व में जिला परिषद से लगे शिक्षकों को 7वे वेतनमान के अंतर्गत फिक्सेशन में रिकवरी करने पर विरोध दर्ज करते हुए उस पर रोक लगाने की मांग की गई। ग्रीष्मावकाश में शिक्षक प्रशिक्षण गैर आवासीय करने, अधिशेष शिक्षकों के पदस्थापन एवं विभिन्न विषयों की डीपीसी की काउंसलिंग में काउंसलिंग तिथि तक के समस्त रिक्त पदों को दर्शाने एवं काउंसलिंग में उपस्थित होने पर यात्रा भत्ता देने, विद्यालय समय पूर्ववत करने, 8 वी बोर्ड परीक्षा के मानदेय का शीघ्र भुगतान करने, समस्त बोर्ड परीक्षा का मानदेय बढ़ाने, निशुल्क पाठ्यपुस्तक का वितरण ब्लॉक स्तर पर कराने, ग्रीष्मावकाश में पोषाहार कार्यक्रम बंद रखने, नवीन अंशदायी पेंशन को तत्काल बंद कर पुरानी पेंशन लागू करने, डाइट में आयोजित विभिन्न प्रशिक्षणों के यात्रा भत्ता की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने, एसआईकयूई क्लस्टर केन्द्रों को पारदर्शिता पूर्ण चलाने एवं समय पर भुगतान व्यवस्था सुनिश्चित करने, अधिशेष शिक्षकों के काउंसलिंग के उपरांत भी शाला दर्शन पोर्टल पर नाम दर्ज नहीं हुआ है उनके नाम शीघ्र ही दर्ज करने, थर्ड से सेकंड ग्रेड हेतु सामाजिक विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय की पर्याप्त डीपीसी करने की मांग की गई । बैठक में उपशाखा वार संकलित समस्याओं के समाधान की योजना बनाई। बैठक में नवीन सत्र 2018 -19 के सदस्यता अभियान पर चर्चा कर रूपरेखा बनाई गई। बैठक में राजेन्द्रसिंह चौहान, भरत पाटीदार, रामलाल कटारा, बलवंत बामणिया, राजेन्द्रसिंह बेडसा, सुभाष पंड्या, डायालाल पाटीदार, लक्ष्मणलाल खराड़ी, वासुदेव मीणा, भूपेन्द्रसिंह देवला, वासुदेव रोत, रविप्रताप पारगी, दक्षा कलाल, उमिया मीणा, देवेन्द्र भट्ट, दिनेश जैन, सुभाष कलाल, देवीलाल पाटीदार, शंकरलाल बुनकर सहित कई पदाधिकारी एवं शिक्षकगण मौजूद थे। संचालन जिला मंत्री राजेन्द्र वरहात ने किया।