डूंगरपुर। डिस्कॉम की ओर से बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए उपभोक्ताओं को अब छूट के साथ पैसा जमा कराने का ऑफर मिला है। चुनाव वर्ष होने के कारण राज्य सरकार ने विजिलेंस केस में समझाइश कर पुराना पैसा जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें डिस्कॉम के अधिकारियों ने एमनेस्टी स्कीम बनाई है। इस स्कीम में डिस्कॉम की ओर से 1 जुलाई 2016 से दिसंबर 2017 तक के करीब 418 उपभोक्ताओं की लिस्ट तैयार की गई है। इन उपभोक्ताओं को अब सेटमेंट कमेटी के माध्यम से बकाया भुगतान जमा कराने पर अलग-अलग चरणों में छूट देने का निर्णय लिया गया है, ताकि 30 जून से पहले जिले में कोई विजिलेंस की बकायात नहीं रहे।
आधे से अधिक पैसे हो जाएंगे माफ : डिस्कॉम की ओर से लागू एमनेस्टी स्कीम में 418 केस में डिस्कॉम छूट देने का प्रावधान है। इसमें 50 हजार तक विजिलेंस बनाने वाले उपभोक्ताओं को अब सिर्फ 50 प्रतिशत पैसा भरकर योजना का लाभ उठाना है। वहीं 50 हजार से ज्यादा की बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं को 10 प्रतिशत छूट दी जाएगी।