अखिल भारतीय दिगंबर जैन दशा नरसिंहपुरा संस्थान की राष्ट्रीय कार्यशाला रविवार को हुई।
इसमें खासकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के साथ ही प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान में समाज की भागीदारी पर विचार रखते हुए समाज विकास में कई निर्णय लिए गए। समाज के संरक्षक कुंतीलाल जैन ने कहा कि समाज में शिक्षा सबसे बड़ी जरूरत है और वह भी बेटियों की।
बेटी पढ़ी-लिखी होनी चाहिए और अब तक आईएएस, आईपीएस, सीए जैसे कई बड़ी तैयारियों के लिए बच्चों को आगे लाना होगा। जो बच्चे आगे पढ़ना चाहते हैं, उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने बेटी बचाओ के संदेश पर कहा कि अब समाज में जिस परिवार में भी 3 बेटियां होंगी, उस परिवार का समाज में बड़ा सम्मान किया जाएगा। साथ ही विवाह समारोह में जूठन नहीं छोड़ने जैसे पर भी निर्णय लेने होंगे। उन्होंने समाज और संस्थान विकास के लिए आने वाले समय में वृद्धाश्रम की जरूरत बताई। साथ ही समाज के लिए 5 बीघा जमीन के लिए अब तक किए गए प्रयासों के बारे में भी बताया। साथ ही कहा कि आने वाले समय में महिला, युवा और संस्थान के अलग-अलग बड़े स्तर पर सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
दिल्ली राज्य के प्रमुख डॉ. महावीर जैन ने बेटियों को बचाने के साथ ही स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने कचरे को खुले में नहीं फेंकने के लिए अपील की। महिला प्रतिनिधि रचना कोठारी ने स्वच्छता अभियान की शुरूआत सबसे पहले अपने घर, फिर समाज, मोहल्ले में करने की जरूरत बताई। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चांदमल जैन प्रतापगढ़ ने कई कविताएं पेश की तो लोगों ने तालियां बजाकर उनकी हौसला अफजाई की।
मंच पर संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र कोठारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी बोहरा, कार्यशाला के अध्यक्ष सुंदरलाल कीकावत, युवा मोर्च के अध्यक्ष यतीचंद्र सुडावत, राजस्थान युवा मोर्चा के प्रमुख मयंक पंचोरी, राजस्थान प्रमुख राजमल जैन, गुजरात के बीएल डांगा के साथ ही कनार्टक और कई जगह से लोग पहुंचे थे। संचालन सुमतीलाल जैन ने किया।
डूंगरपुर. जैन समाज की कार्यशाला को संबोधित करते संरक्षक कुंतीलाल जैन और कार्यशाला में आए समाज के प्रतिनिधि।