- Hindi News
- National
- एसपी से बोलीं गुस्साई महिलाएं शहर में चोरियां बढ़ रही, पुलिस रोकने में नाकाम
एसपी से बोलीं गुस्साई महिलाएं- शहर में चोरियां बढ़ रही, पुलिस रोकने में नाकाम
दो दिन पहले शहर में एक साथ चोरी की चार वारदातों के बाद अब शहरी महिलाओं में इसे लेकर आक्रोश फूटता जा रहा है। पंडित दीनदयाल स्मृति मंच के नेतृत्व में पार्षद, महिलाएं और पदाधिकारी एसपी से मिले और शहर में लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों को लेकर शिकायत की। पुलिस पर वारदातों को रोकने में नाकाम भी बता दिया। साथ ही कहा कि इन वारदातों की वजह से शहर के लोग डरे और सहमे हुए हैं। पुलिस इनका खुलासा नहीं कर पाई तो लोगों का घरों से बाहर निकलना ही मुश्किल हो जाएगा। एसपी ने भरोसा दिलाया कि एक भी अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी को डरने की जरूरत नहीं है। हर वारदात का खुलासा होगा, लेकिन लोगों से भी अपील की कि उनके आसपास कहीं भी ऐसी कोई घटना या संदिग्ध का पता लगे तो तुरंत बताएं, जिससे समय पर कार्रवाई की जा सके। मंच की जिला महामंत्री व पार्षद भूपेश शर्मा, महिला जिलाध्यक्ष राजकुमारी कुम्हार, पार्षद रीटा कुंवर, अचला वसीटा, एसटी मोर्चा की चंद्रलेखा कलासुआ, राजु भाई पत्थरवाला, शंकरलाल, राहुल गौतम, लक्ष्मी जैन सहित कई लोगों ने कहा कि शहर के साथ ही पूरे जिले में आए दिन चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसमें पुलिस कुछ भी नहीं कर पा रही है। पुलिस एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है और न ही वारदात रोकने सफल हो पाए हैं। ऐसे में पुलिस नाकाम रही है। लोगों ने बताया कि अभी शहर के कई लोग छुट्टियां होने की वजह से बाहर गए हुए हैं, जिससे घरों पर कोई नहीं होता और चोरों को आसानी से अवसर मिल रहा है।
असामाजिक तत्व और बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई हो
वारदातों को लेकर एसपी से मुलाकात कर खुलासे की मांग करतीं महिलाएं।
एसपी से मिलने पहुंचे लोगों में से राजू भाई पत्थरवाला ने शहर के पुराना बस स्टैंड के पास अवैध शराब बिकने और असामाजिक तत्वों की ओर से उत्पात मचाने की शिकायत की। चंद्रलेखा कलासुआ ने पुलिसकर्मियों की रात्रि गश्त और कार्यप्रणाली पर ही सवाल उठाए और कहा कि बिलड़ी क्षेत्र में अब भी अवैध शराब बिक रही है। वहीं शहर के गांधीजी के बाड़े के पास रात के समय अवैध तरीके से लोगों के घूमने-फिरने की शिकायत की।
एसपी ने कोतवाल से कहा
एक भी जगह अवैध गतिविधि नहीं चलनी चाहिए
लोगों की शिकायत के बाद एसपी शंकरदत्त शर्मा ने शहर कोतवाल रामसुमेर मीणा को निर्देश दिए कि शहर कई जगह अवैध शराब और असामाजिक तत्वों की शिकायतें हैं, जिस पर तुरंत कार्रवाई करें। रात के समय ऐसी जगहों पर गश्त रखें और जरूरत पड़े तो ऐसे बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। एसपी ने बताया कि इससे पहले उनकी ओर से कोतवाली थानाधिकारी को शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों को रोकने के साथ ही अब तक हुई वारदातों के खुसाने के सख्त निर्देश दिए हैं।