- Hindi News
- National
- असंतुष्ट गुट की गैरमौजूदगी में ब्लॉक अध्यक्षों का स्वागत, नाराज नेताओं का जिक्र तक नहीं
असंतुष्ट गुट की गैरमौजूदगी में ब्लॉक अध्यक्षों का स्वागत, नाराज नेताओं का जिक्र तक नहीं
कांग्रेस की ओर से बुधवार को मुख्यालय पर नवनिर्वाचित सभी ब्लॉक अध्यक्षों का स्वागत समारोह रखा था। इसमें बिछीवाड़ा कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष और उनके गुट के नेताओं की गैरमौजूदगी में नए ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण शाह का भी स्वागत अभिनंदन किया गया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में वक्ताओं ने असंतुष्ट गुट के नेताओं के नामों का जिक्र तक नहीं किया। खासकर पूर्व विधायक लालशंकर घाटिया और रतनदेवी भराड़ा का नाम किसी ने नहीं लिया। ऐसे में समझा जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला कांग्रेस ऐसा कोई विवाद खड़ा नहीं करना चाहती है जिसका असर चुनाव पर पड़े, लेकिन पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में बिछीवाड़ा को छोड़कर बाकी सभी ब्लॉक की कांग्रेस में एकजुटता दिखाने का प्रयास किया।
दरअसल, पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस की ओर से ब्लॉक अध्यक्ष की घोषणा के बाद बिछीवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस में दो फाड़ हो गए थे। पूर्व विधायक लालशंकर घाटिया गुट ने चयनित ब्लॉक अध्यक्ष का विरोध जताया था। इसके बाद यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम जिला कांग्रेस की ओर से किया गया है। स्वागत कार्यक्रम के दौरान सभी नए ब्लॉक अध्यक्ष बिछीवाड़ा से प्रवीण शाह, चीखली मनोहर सिंह, सीमलवाड़ा सुभाष पाटीदार, डूंगरपुर प्रेमचंद जैन, सागवाड़ा उत्तर देवीलाल फलोत, सागवाड़ा दक्षिण सुरेश पाटीदार, पुनाली महेंद्र पाटीदार का स्वागत किया गया।