पोर्टल पर नहीं दिखने से 4 रिटर्न अटके
डूंगरपुर। जीएसटीआर -4 की तिमाही के रिटर्न बुधवार तक ही दाखिल हो सकेंगे। फिर भी अभी तक जीएसटी के पोर्टल पर परचेज शो नहीं हो रही है। इस कारण व्यापारी असमंजस में और रिटर्न दाखिल नहीं कर पा रहे हैं। जिले के करीब 7 हजार व्यापारी इस दायरे में आ रहे है। क्योंकि अगर 18 तक रिटर्न फाइल नहीं हुई तो 100 रुपए रोज का जुर्माना लगेगा।
उल्लेखनीय है कि कंपोजीशन स्कीम में शामिल व्यापारियों को जनवरी, फरवरी और मार्च 2018 की जीएसटीआर -4 रिटर्न दाखिल करनी है। जिसमें तीन महीने के बिल वार खरीद, बिक्री की समरी तथा टैक्सेबल सेल पर कितनी कंपोजीशन फीस जमा कराई आदि की जानकारी देनी है। यह कई घंटे का काम है। लेकिन जीएसटी की पोर्टल पर अभी तक जीएसटीआर -4 में परचेज शो नहीं हो रही।
सीए रविंद्र शाह ने बताया कि जीएसटीआर -4 अपलोड करने के बाद ओपन करते हैं तो व्यू में परचेज शो नहीं हो रही है। इससे यह पता ही नहीं चल रहा कि रिटर्न में सही जानकारी जा रही है अथवा नहीं। इस कारण व्यापारी असमंजस में है। इस संबंध में पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करा दी है।