अब सीधे ही ई-मित्र से ले सकेंगे टेली मेडिसिन की सुविधाएं
डूंगरपुर| मरीजों को अपनी बीमारी के उपचार बीमारी से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह एवं दवाइयों के परामर्श के लिए विभिन्न स्थानों के अस्पतालों में भटकने के बजाय ई-मित्र केन्द्रों पर निर्धारित फीस जमा कराकर परामर्श लेने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। टेली मेडिसिन सुविधा में मरीज को ई-मित्र केंद्र पर जाकर जयपुर, दिल्ली, एम्स एवं अन्य स्थानों के चिकित्सकों से सीधे बात करके अपनी बीमारी के बारे में बताने की सुविधा मिलेगी। यह सेवाएं डूंगरपुर में बहुत ही जल्द शुरू होंगी। इस सेवा में मरीज को ई-मित्र केंद्र पर निर्धारित शुल्क जमा करवाने के बाद थोड़ी देर में ही संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक से टेली मेडिसिन सुविधा के माध्यम से बात करवाई जाती है। चिकित्सक मरीज से बात करके उसके उपचार के लिए दवाइयां आदि लिखते हैं। इसी प्रकार अपने आसपास में ही इस सुविधा के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह एवं उनके द्वारा मरीजों का उपचार सुलभ हो रहा है।