पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • डूंगरपुर में बनेगा वाटर पार्क, पर्यटन के बढ़ेंगे अवसर

डूंगरपुर में बनेगा वाटर पार्क, पर्यटन के बढ़ेंगे अवसर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर

शहर में पर्यटन के अवसर और बढ़ेंगे। रतलाम, मेहसाणा और उदयपुर की तर्ज पर डूंगरपुर में भी वाटर पार्क बनेगा। पांच करोड़ रुपए खर्च कर मुख्यमंत्री जनआवास योजना के पास प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें करीब 7 हजार वर्ग मीटर में विभिन्न वाटर पार्क से जुड़े उपकरणों के निर्माण, रखरखाव और संचालन का टेंडर निकाला है। जल्द ही प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद काम शुरू होगा।

पिछले डेढ़ वर्ष से शहर में वाटर पार्क प्रोजेक्ट का इंतजार चल रहा है। वाटर पार्क बनाने की करीब दो साल से प्लानिंग चल रही है। इसके लिए आर्किटेक्ट से नक्शा और प्लानिंग तैयार हो गई थी, लेकिन बाद में इस पर सहमति नहीं बन सकी। बाद में सभापति के निर्देश पर टीम विभिन्न ख्यातनाम वाटर पार्क का सर्वे करने में जुट गई। परिषद की टीम ने रतलाम सहित अन्य वाटर पार्क का अध्ययन प्रस्ताव तैयार किया। इसमें अलग-अलग प्रोजेक्ट के बाद अब फाइल प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि डूंगरपुर से बड़ी संख्या में पर्यटक गुजरात के मेहसाणा वाटर पार्क में बड़ी संख्या में जाते हैं। ऐसे में यहां के पर्यटकों का स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलने से पलायन रुकेगा। यही पैसा शहर में खर्च होगा तो बेहतरी के लिए उपयोग साबित होगा और बाहर से भी पर्यटक आएंगे।

नगर परिषद ने निकाला टेंडर, पांच करोड़ रुपए खर्च होंगे, करीब 7 हजार वर्गमीटर जमीन पर वसुंधरा विहार में बनेगा वाटर पार्क

इतना बड़ा होगा वाटर पार्क

ऐसे होंगे मनोरंजन के साधन

1. वेव स्लाइड पुल : ठीक वैसी ही लहरें उठेंगी जैसी समुद्र में उठती हैं। रोज तय समय पर यह शो चलेगा और म्यूजिक के साथ उठती इन लहरों का लोग उसी तरह आनंद ले सकेंगे।

2. स्लाइडिंग : ऊंची फिसल पट्टी होगी जो टेढ़े-मेढ़े रास्ते बनाते हुए बड़े पानी के हौज को जोड़ेगी।

3. चाइल्ड पुल : छोटे बच्चों के लिए कम गहराई का स्वीमिंग पुल तैयार किया जा रहा है। बच्चों की लंबाई के अनुसार पानी को भरा जाएगा।

4. डांस वीथ म्यूजिक : खुला कमरा होगा। इसमे जोरों से म्यूजिक बजेगा। तेज फव्वारों के नीचे डांस होगा।

5. बिग पुल : बच्चों को छोड़ सभी आयुवर्ग के लिए 18 गुणा 25 का स्वीमिंग पुल।

वर्तमान में 6 हजार 918 वर्गफीट में वाटर पार्क तैयार होगा। आसपास की जमीन खाली छोड़ी जाएगी और किसी को आवंटित नहीं होगी। इसके पीछे सुरक्षा कारण तो है ही, साथ ही भविष्य में विस्तार की जरूरत पड़ने पर उपयोग संभव होगा।

प्रवेश कुछ ऐसा होगा

स्थानीय पारेवा पत्थर से बड़ा प्रवेश द्वार बनेगा। उसके बाद रिसेप्शन होगा, जहां वाटर पार्क संबंधित जानकारी दी जाएगी। पास ही बड़ी पार्किंग रखी जाएगी। रिसेप्शन के पास ही टिकट काउंटर होंगे। वहीं सामने की तरफ कैंटीन बनेगी। महिलाओं और पुरुषों के लिए अनिवार्य ड्रेस यहीं पास मिलेगी। उसके पास बड़े बाथरूम महिला-पुरुषों के लिए बनेंगे, जहां चैंजिंग रूम भी होगा।

प्रोजेक्ट करीब 5 करोड़ का है। इसमें बिल्ट ऑपरेटिंग सिस्टम से टेंडर निकाला है। इसमें कोई ठेकेदार रुचि लेता है तो समय पर काम शुरू हो सकता है। इसके बाद अगले वर्ष मार्च से वाटर पार्क शुरू हो सकता है। - लोकेश पाटीदार, जेईएन, नगर परिषद

खबरें और भी हैं...