डूंगरपुर। वार्ड संख्या 26 शिवाजी नगर में शनिवार को डॉ.
डूंगरपुर। वार्ड संख्या 26 शिवाजी नगर में शनिवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में आए राज्यमंत्री और राज्यसभा सांसद को वार्ड के लोगों का विरोध झेलना पड़ा। जिसके कारण कार्यक्रम में आए वार्ड के लोग ज्ञापन देकर चले गए। शिलान्यास कार्यक्रम में लोगों के लिए रखी गई कुर्सियां खाली रही। राज्य सरकार के बजट घोषणा के तहत नगर निकाय, नगर परिषद, नगर पालिका में डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन निर्माण के लिए बजट आवंटित किया गया था। इस भवन का निर्माण सर्व समाज के लिए प्रस्तावित है। ऐसे में नगर परिषद और प्रशासन की ओर से जमीन का चयन शिवाजी नगर में करने पर लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए शिलान्यास का बहिष्कार किया। विरोध में वार्ड संख्या 26 के पार्षद जितेंद्रसिंह चौहान भी सम्मिलित हुए। शिवाजी नगर के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यसभा सांसद हर्षवर्धनसिंह, राज्यमंत्री सुशील कटारा और विधायक देवेंद्र कटारा को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि हाउसिंग कॉलोनी बनते समय उक्त जमीन को पार्क के लिए आरक्षित रखी गई थी। जिसके लिए हाउसिंग बोर्ड ने संबंधित शुल्क भी आमजन से लिया था। हाउसिंग बोर्ड ने पार्क का निर्माण नहीं किया गया। हाउसिंग बोर्ड के बाशिंदों ने इसे शिवाजी नगर से कमेटी बनाकर 1992 में जमीन में उद्यान और मेरिज हॉल बनाने के लिए नगर पालिका को प्रस्ताव भेजे। नगर पालिका की ओर से हर वर्ष आश्वासन देकर कर दिलाया दिया गया। अब वर्ष 2018 में नगर परिषद ने आनन फानन में हाउसिंग बोर्ड की आरक्षित जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का शिलान्यास कर रहे है। जिसका पूरे कॉलोनीवासी ने विरोध किया। कॉलोनी के लोगो ने बताया कि मेरिज हॉल और डॉ. अंबेडकर सामुदायिक भवन बनने से गरीब लोग अपने शुभ प्रसंग कार्यक्रम, त्यौहार और अन्य कार्यक्रम कर सकते है। जिससे उन्हें महंगे मेरिज हॉल और वाटिका नहीं खरीदनी होगी। इसके लिए वर्तमान सभापति केके गुप्ता ने जमीन का सर्वे कराकर मेरिज हॉल बनाने के प्रस्ताव भी लिए थे। इसके बावजूद आज तक कोई कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। ज्ञापन देते समय गोपालकृष्ण पंडया, पार्षद जितेंद्रसिंह, राजकुमारी प्रजापत, उत्सवलाल, पंकज चौबीसा, लक्ष्मीकुंवर सहित कॉलोनीवासी मौजूद थे।
ये रहे अतिथि
मुख्य अतिथि मंत्री सुशील कटारा, अध्यक्षता राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन सिंह और विशिष्ट अतिथि डूंगरपुर विधायक देवेन्द्र कटारा, सभापति केके गुप्ता, भाजपा अध्यक्ष वेलजी पाटीदार, भाजपा महामंत्री सुदर्शन जैन, भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष दलजीत यादव, आयुक्त गणेश खराड़ी, नगर अध्यक्ष कमलेश पंचाल, महामंत्री अनूप चौबीसा थे। संचालन पार्षद भूपेश शर्मा ने किया।
अतिथि भाषण में कहते रहे सर्व समाज के लिए रहेगा भवन
शिलान्यास में अतिथि के आते ही कॉलोनीवासियों ने मिलकर राज्यमंत्री और सांसद को ज्ञापन सौंपकर विरोध करते हुए रवाना हो गए। जिसके बाद अतिथियों ने डॉ. साहेब की जीवन पर प्रकाश डालने के साथ ही हॉल को सर्व समाज के लिए उपयोगी बताने की बात कहने लगे। उन्होंने भवन को लेकर हो रही भ्रांतियों को दूर करने की बात कही।