राज्यमंत्री: भाजपा ने दलितों के भले के लिए कड़े फैसले लिए
पुनाली के बाद भारत र| बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती पर उनकी दूसरी प्रतिमा का शनिवार को कलेक्ट्री के सामने अनावरण किया गया। आठ फीट की आदमकद प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित समारोह आरोप-प्रत्यारोप का मंच बन गया। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी के नेता एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए खुद को दलित समाज का हितैषी बताने में लगे रहे। जबकि शेड्यूल एरिया संघर्ष समिति के नेता भाजपा और कांग्रेस पर उनके हक छीनने और जितने के बाद उनके अधिकारों की पैरवी नहीं करने के आरोप लगाते रहे।
पीएचईडी राज्यमंत्री सुशील कटारा ने कहा कि पहले तो आरक्षण को लेकर फैलाई जा रही झूठी भ्रांतियों को दूर करना होगा। भाजपा हमेशा से ही एसटी-एससी के साथ ही सर्वसमाज के विकास के लिए काम किया है। शिड्यूल एरिया संघर्ष समिति के संयोजक शंकरलाल कटारा ने कहा कि प्रदेश में एससी के 34 और एसटी के 25 विधायक है, लेकिन जितने के बाद एक भी विधायक समाज हित की बात नहीं करता है और वह पार्टी के एजेंट बन जाते है। आसपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने कुछ लोगों पर गुमराह करने के आरोप लगाते हुए ऐसे लोगों से बचने की सलाह दी। मुख्य वक्ता अंबेडकर विचारक यशवंत पालीवाल ने कहा कि बाबा साहब किसी एक समाज के नहीं बल्कि सर्वसमाज के थे। बालपन से लेकर मृत्यु पर्यंत तक संघर्ष किया।
डूंगरपुर. शिड्यूल एरिया संघर्ष समिति की ओर से निकाली गई रैली।
एससी को प्रदेश में 16 टीएसपी में 5 प्रतिशत ही आरक्षण : क्यों ?
कांग्रेस के जिला महामंत्री सुखदेव यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही दलित समाज के हक की लड़ाई लड़ी है और आगे भी संघर्ष चलेगा जब तक की उनकी मांगे पूरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एससी समाज को 16 प्रतिशत आरक्षण है, लेकिन शेड्यूल एरिया में सिर्फ 5 प्रतिशत दिया जा रहा है। सरकार उसे वापस लागू करें।
समारोह में डॉ. दलजीत यादव, अमृतलाल यादव, जगजीत मीणा, गोवर्धनलाल यादव, डॉ. वेलाराम घोघरा, भाजपा जिलाध्यक्ष वेलजी पाटीदार, सोमालाल कोटेड, प्रताप बलाई ने विचार रखे। चंद्रलेखा कलासुआ, नटवरलाल यादव, सुरेश फलोजिया, सुदर्शन जैन, एएसपी नितेश आर्य, कचरू बुनकर मंचासीन थे। संचालन सुरेश सरगम ने किया।
बाबा साहब की मूर्ति स्थल को सुंदर बनाया जाएगा: गुप्ता
नगर सभापति केके गुप्ता ने कहा कि मूर्ति का अनावरण तो हो गया, लेकिन अब इस जगह को सुंदर और आकर्षक बनाने का काम नगर परिषद करेगी। अगले एक महीने में यह मूर्ति स्थल बहुत ही खुबसुरत दिखने लगेगा।
शिड्यूल एरिया संघर्ष समिति की ओर से निकाली रैली
शिड्यूल एरिया संघर्ष समिति की ओर से बाबा साहब की जयंती पर शहर में रैली निकाली गई। नया बस स्टैंड से रवाना हुई रैली नारेबाजी करते हुए पुराना बस स्टैंड, तहसील चौराहा से कलेक्ट्री पहुंची। इसके बाद यहां पर समारोह में शामिल हो गए।
संविधान सभा और समिति में डूंगरपुर के डॉ. नागेंद्रसिंह भी थे सदस्य
राज्यसभा सांसद हर्षवर्धनसिंह ने कहा कि भारत के संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. अंबेडकर उस समिति के अध्यक्ष थे। उस समय डूंगरपुर के डॉ. नागेंद्रसिंह भी संविधान समिति के सदस्य रहे, जिन्होंने देश के संविधान निर्माण में उनका सहयोग और सभी तरह के समाज और देश के विकास को ध्यान में रखते हुए कानून तैयार किया।