- Hindi News
- National
- जेल में बंद आरोपी 2 दिन अस्पताल में भर्ती रहा, वापस आया तो तलाश में मिला मोबाइल
जेल में बंद आरोपी 2 दिन अस्पताल में भर्ती रहा, वापस आया तो तलाश में मिला मोबाइल
डूंगरपुर। पहले चोरी फिर दुष्कर्म के केस में ढाई साल जेल में बंद एक आरोपी के कब्जे से शनिवार को मोबाइल मिला। दरअसल यह आरोपी दो दिन तक अस्पताल में इलाज के बाद वापस जेल के लिए लेकर आए तो गेट पर तलाशी में ही उसके जेब से मोबाइल बरामद किया गया, जबकि अस्पताल में इलाज के समय उसके साथ दो पुलिसकर्मी भी रहते थे, बावजूद उसके पास मोबाइल पहुंचना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है।
कोतवाल रामसुमेर मीणा के अनुसार जेलकर्मी जितेंद्रसिंह पुत्र हुकमसिंह गुर्जर ने कारापाल जिला कारागृह डूंगरपुर की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया है कि आरोपी धंबोला थाना क्षेत्र के लिखी बड़ी निवासी सुरेश सिंह उर्फ सूर्यवीरसिंह पुत्र गंभीरसिंह जेल में बंद है। 12 अप्रैल को उसकी तबीयत खराब होने पर उसे दो पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया। जहां जांच के बाद उसे दो दिन के लिए भर्ती कर लिया गया। उसके तबीयत में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी कर दी गई तो कांस्टेबल दिलीप कुमार और मणीलाल उसे वापस जेल लेकर आए। जेल में मेन गेट पर ही आरोपी सुरेश सिंह उर्फ सूर्यवीरसिंह की जेलकर्मियों ने तलाशी ली तो उसके जेब से एक सेमसंग का मोबाइल मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल के उसके पास आने के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी। आरोपी सूर्यवीरसिंह के खिलाफ एक नाबालिग से दुष्कर्म का केस है, जिस मामले में आरोपी जेल में है। अब नया केस कोतवाली थाने में जेल में मोबाइल लेकर आने का दर्ज करवाया गया है। इससे पहले वह चाेरी के मामले में जेल में था।
आगे क्या : आरोपी के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज होने के बाद पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल तलाश करेगी। इससे पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि इस मोबाइल से 12 से 14 अप्रैल के बीच में किन-किन लोगों से बातचीत हुई है। पुलिस जरूरत पड़ने पर उन लोगों से भी पूछताछ कर सकती है।