पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने दूनी-घाड़-नैनवां-नगर मार्ग किया जाम
पानी की समस्या से परेशान लोगों ने मंगलवार को दूनी कस्बा व चांदसिंहपुरा गांव में जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। दूनी में घाड-नगरफोर्ट मार्ग पर कांटे लगाकर व बर्तन रखकर जाम लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया। चांदसिंहपुरा में दूनी-घाड मार्ग पर जाम लगाने के दौरान आक्रोशित महिलाएं सड़क पर ही लेट गईं। दोनों ही जगहों पर तहसीलदार व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश करते ग्रामीणों को शांत करवाकर जाम खुलवाया। दूनी कस्बे में घाड रोड स्थित रैगर बैरवा बस्ती में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने मोहल्ले के बाहर घाड रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग की लापरवाही के चलते आठ दिन में केवल एक बार पेयजल आपूर्ति की जा रही है। जिससे पेयजल संकट गहराया हुआ है। बार-बार जलदाय विभाग को शिकायत किए जाने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए सड़क पर उतर को मजबूर हुए।
चांदसिंहपुरा को बीसलपुर की पेयजल आपूर्ति नहीं
चांदसिंहपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ग्रामीणों ने दूनी-घाड मार्ग पर जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध कर रही महिलाएं सड़क पर ही लेट गईं। ग्रामीणों का कहना है कि बीसलपुर पेयजल योजना के प्वांइट व लाइने गांव में बिछने के बाद भी पेयजल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों को एक किमी दूर से पानी लाकर प्यास बुझानी पड रही है। बीसलपुर पेयजल योजना के अधिकारियों को कई बार अवगत कराए जाने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। दोनों जगह दूनी तहसीलदार तेजपाल सिंह, दूनी थानाप्रभारी घीसालाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया।
दूनी में आठ दिन में एक बार पानी की आपूर्ति, जलदाय विभाग के खिलाफ आक्रोेश
दूनी
हनुमान नगर में पाइप लाइन टूटने से पेयजल संकट गहराया
देवली| शहर से जुड़े कुचलवाड़ा रोड हनुमाननगर में विगत 10 दिनों से जगह-जगह नल पाइप लाइन टूटने से जल आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोगों को पेयजल जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को हनुमाननगर क्षेत्र के लोगों ने पीएचईडी विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। जिसमे बताया कि विगत 10 दिनों से हनुमाननगर कुचवाड़ा रोड में शिव कॉलोनी व जैन कॉलोनी में पानी नहीं आ रहा है। कुचलवाड़ा मार्ग पर कई जगह नल पाइप लाइन टूटी हुई है जिससे खड्डे हो रहे हैं। जिन्हें ठीक नहीं करने से जलापूर्ति नहीं हो रही है। इसके चलते कॉलोनी वासी पेयजल की समस्या से ग्रस्त है। ज्ञापन देने वालों में अशोक जैन, ओमप्रकाश, मुकेश जैन,दीपक ,आशीष मीणा, अमित सेन, लोकेश, गोपाल, मुकेश, धनराज, सुनील जैन, भूरालाल मीणा ,विमल कुमार आदि शामिल थे।
मालपुरा के वार्ड 19 व बृजलालनगर में गहराया पीने के पानी का संकट
मालपुरा| भीषण गर्मी में पीने के पानी के लिए जगह जगह हाय तौबा मचने लगी है। मालपुरा शहर के वार्ड नंबर 19 में चार दिनों से नलों में पानी नहीं आने से परेशान नागरिकों में भारी रोष है वहीं बृजलालनगर इलाके में भी पानी की सप्लाई पर्याप्त नहीं होने से परेशान लोगों ने वापस हेंडपंपों की तलाश शुरू कर दी है। बृजलालनगर के लोगों को कहना है कि आम तौर पर मुश्किल से दस पंद्रह मिनट ही नलों में पानी आता है जिससे पानी की आवश्यकता पूरी नहीं हो रही है। गर्मी के कारण जहां पानी की आवश्यकता बढ रही है वहीं जलदाय विभाग की ओर से पानी की सप्लाई घटाई जा रही है। मालपुरा के लगभग तमाम इलाकों में पानी सप्लाई के समय को लेकर असंतोष है।