दूनी थाना क्षेत्र के ख्वासपुरा गांव में करीब डेढ साल पहले नाते प्रथा से शादी कर लाई गई महिला की शनिवार को ससुराल में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। इस पर पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ख्वासपुरा पहुंची आैर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रुम में रखवा दिया है।
बनेठा थाना क्षेत्र के सुथडा गांव निवासी देवनारायण गुर्जर ने बताया कि डेढ साल पहले उसकी बहिन रचना गुर्जर (30) की शादी नाथा प्रथा से दूनी थाना क्षेत्र के ख्वासपुरा निवासी रामरतन गुर्जर के साथ की थी। उसके ससुराल वाले कुछ समय बाद ही उसके साथ मारपीट करने लग गए। ऐसे में करीब चार माह पहले भी वह पीहर आ गई। करीब सप्ताह भर पहले उसका पति वापस लेने आया तो भविष्य में मारपीट नहीं करने के आश्वासन पर उसे ससुराल भेज दिया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। शनिवार को भी ससुराल पक्ष के लोगों ने रचना की मौत से होने की सूचना दी। देवनारायण ने आरोप लगाया कि उसकी मौत बुखार से नहीं मारपीट कर जबरन जहर देने से हुई है। इसकी जांच की जाए तो सारी स्थिति सामने आ जाएगी। उधर मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि शनिवार को रचना को तेज बुखार आने के कारण पहले उसे आंवा निजी क्लिनिक पर दिखाया फिर उसकी हालात चिंताजनक होने पर दूनी लाया गया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड दिया। हैड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतक महिला के पीहर पक्ष के लोगों ने फोन पर उसकी मौत की जानकारी दी। जिसके आधार पर शव को दूनी मुर्दाघर में लाया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मामला का खुलासा होगा। अभी परिजनों से जहर देकर हत्या करने की शिकायत ही मिली है। रिपोर्ट नहीं दी है। उसका भाई जयपुर से देर रात तक नहीं आया था।