पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bhilai
  • 81 लाख से 450 घरों में बनाए शौचालय, उसी बस्ती को हटाने की तैयारी

81 लाख से 450 घरों में बनाए शौचालय, उसी बस्ती को हटाने की तैयारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निगम ने जिस ठगड़ा बस्ती में साढ़े 4 सौ से ज्यादा घरों में निजी शौचालय का निर्माण एक साल पहले कराया, अब उसी बस्ती को खाली कराया जाएगा।

निगम प्रशासन ने यहां के लोगों को नोटिस जारी कर एक हफ्ते के भीतर पीएम आवास में शिफ्ट होने सहमति पत्र के साथ 5 हजार रुपए जमा करने कहा है। नोटिस में साफ लिखा है िक यहां नगर विकास योजना के तहत कार्य प्रस्तावित हैं। इसके लिए बस्ती खाली कराना जरूरी है। एक साल पहले स्वच्छ भारत अभियान के तहत बस्ती में करीब साढ़े 400 घरों में शौचालय बनवाया था। प्रत्येक निर्माण पर 18 हजार रुपए की दर से भुगतान किया गया। यानी करीब 81 लाख रुपए खर्च किए गए। अब इसी बस्ती को खाली कराया जाएगा। मकानों के साथ टायलेट को भी तोड़ा जाएगा।

बस्ती के घरों में हाल ही में शौचालय बनवाए गए हैं।

आवास में शिफ्ट होने 5 हजार भी करना पड़ेगा जमा
1 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि बर्बाद हो जाएगी : बस्ती में पिछले तीन साल में करीब 10 लाख रुपए खर्च कर बिजली पोल लगाए गए। पाइप लाइन बिछाने और बोर खनन पर करीब 8 लाख रुपए खर्च किए गए। जो अब व्यर्थ हो जाएगा। शासन की करीब एक करोड़ से ज्यादा राशि बर्बाद हो जाएगी।

ठगड़ा बस्ती में ही आवास बनाने की रखी मांग: स्थानीय लोगों ने बोरसी में व्यवस्थापन की बजाय ठगड़ा बस्ती में ही पीएम आवास बनाकर आबंटन की मांग की है। दशरथ चौहान ने बताया कि ज्यादातर लोग ठगड़ा बांध के पानी से पौधों की नर्सरी तैयार करते हैं। यही उनकी आजीविका का साधन है।

पार्षदों की मांग, वहीं पर बने पीएम आवास : पिछले दिनों पीएम आवास योजना के लिए अफसरों और पार्षदों की बैठक में ज्यादातर पार्षदों ने स्लम बस्तियों को हटाकर लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की बजाय वहीं आवास निर्माण कर आवंटन करने की मांग की। इसके लिए पहल होनी चाहिए।

जिम्मेदारों का यह है कहना...
विभाग की जमीन है
पोटिया, शहीद चौक स्लम बस्ती सहित कुछ स्थानों पर बसे लोगों को वहीं पर पीएम आवास बनाने की योजना बनाई गई है। ठगड़ा बस्ती जल संसाधन विभाग की जमीन पर बसा है। यहां के लोगों को बोरसी में बन रहे पीएम आवासों में शिफ्ट किया जाएगा। चंद्रिका चंद्राकर, महापौर, ननि दुर्ग

राशि क्यों खर्च की
ठगड़ा बस्ती के लोगों की मांग पर उसी जगह पीएम आवास का निर्माण कर व्यवस्थापन होना चाहिए। यहां एक करोड़ से ज्यादा राशि निगम प्रशासन खर्च कर चुका है। बसे लोगों को बेदखल करना था तो इतनी राशि क्यों खर्च की गई। राजेश शर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पार्षद, पद्मनाभपुर

खबरें और भी हैं...