शहर में वैध-अवैध होर्डिंग की लड़ाई एक बार फिर शुरू हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद शनिवार को सुबह से नगर निगम ने कांग्रेस के पोस्टर और होर्डिंग हटाने का काम शुरू कर दिया। इससे भड़के कांग्रेस पार्षदों ने निगम प्रशासन को चेतावनी दी है। राहुल गांधी की तस्वीर वाले पोस्टर और फ्लैक्स हटाने की कार्रवाई सुबह से शुरू होने का पता चलते ही कांग्रेस पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया।
निगम के नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू सहित अन्य कांग्रेस पार्षदों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए निगम प्रशासन को 24 घंटे के भीतर दूसरे अवैध होर्डिंग हटाने कहा है। ऐसा न होने पर निगम प्रशासन के खिलाफ कड़ा आंदोलन किया जाएगा। पार्षदों ने कहा कि दर्जनों स्थानों पर भाजपा सहित अन्य लोगों के अवैध होर्डिंग लगे हैं। उन्हें भी हटाया जाए।
शनिवार को निगम की टीम ने होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई सुबह ही शुरू कर दी थी।
पिछले 6 महीने में 10 बार से भी ज्यादा आवेदन दे चुके
इस मामले में निगम के कांग्रेस पार्षद प्रकाश गीते पिछले 6 महीने में 10 बार से ज्यादा आवेदन कलेक्टर जनदर्शन में दे चुके हैं। निगम जनदर्शन में भी आधा दर्जन आवेदन देकर अवैध होर्डिंग हटाने की मांग की गई। इसके बावजूद निगम प्रशासन ने सिर्फ इक्का दुक्का कार्रवाई के बाद पूरा अभियान बंद कर दिया गया। कांग्रेस पार्षदों ने अब होर्डिंग को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्लाबोल अभियान की चेतावनी दी है। अफसरों पर भेदभाव का आरोप लगाया है।
आयुक्त सुंदरानी बोले, पोल पर लगे सभी फ्लैक्स हटाए गए
भड़के कांग्रेसियों ने निगम कमिश्नर एसके सुंदरानी से भी चर्चा की। निगम के नेता प्रतिपक्ष ने कहा िक नियम सभी के लिए एक समान लागू होता है। केवल कांग्रेसियों के पोस्टर और फ्लैक्स क्यों हटाए गए। कमिश्नर ने कहा कि अवैध होर्डिंग व फ्लैक्स हटाने का अभियान जारी है। पोल पर लगे सभी फ्लैक्स हटाए गए हैं। कार्रवाई में कोई भेदभाव नहीं किया गया। शहर में बेतरतीब लगे होर्डिंग्स को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
इसलिए भड़के कांग्रेसी
निगम की टीम ने सुबह 6 बजे से जीई रोड, गौरवपथ सहित अन्य स्थानों पर लगे कांग्रेस के पोस्टर हटाने का अभियान शुरू कर दिया। काऊ कैचर वाहन सहित अन्य वाहनों में फ्लैक्स, पोस्टर और होर्डिंग नकिालकर भरे गए। इन्हें निगम के कर्मशाला सहित जीरो वेस्ट सेंटर व अन्य स्थानों पर डंप किया गया। सुबह से शुरू हुए अभियान का पता चलने पर कांग्रेस नेता भड़क गए। नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू, कांग्रेस नेता मदन जैन, विलसन डिसूजा, पार्षद लीलाधर पॉल, कन्या ढीमर ने विरोध जताया।
अफसरों पर लगाया भेदभाव के आरोप
कांग्रेसी पार्षदों ने निगम के अफसरों पर भाजपा को सपोर्ट करने का आरोप भी लगा दिया। उन्होंने कहा कि, सालों से अन्य दलों के होर्डिंग्स शहर में है। कार्रवाई नहीं करके एक दिन पहले के आयोजन की होर्डिंग्स हटा रहे हैं।