पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सवा लाख लोगों के आधार नंबर नहीं हो रहे मैच

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आधार कार्ड बनाने में हुई त्रुटियों के कारण जिले के सवा लाख से ज्यादा लोगों के नाम राशन कार्ड में दर्ज नाम से मैच नहीं हो रहे हैं। आधार कार्ड की सीडिंग के बाद पता चला कि सवा लाख लोगों के नाम, पते सही नहीं हैं। इसके कारण कार्डधारकों का सत्यापन राशन दुकानों में किया जाएगा। 30 जून तक ऐसे सभी राशन कार्ड धारकों का सत्यापन करने को कहा गया है।

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने राशन सामग्री लेने के लिए कार्डधारकों को आधार नंबर का सबूत प्रस्तुत करने को कहा है। इसके माध्यम से आधार प्रमाणीकरण किया जाएगा। राशन लेने के लिए कार्डधारी को राशन दुकान में अपना आधार नंबर देना होगा। नाम न मिलने पर बायोमैट्रिक्स डिवाइस पर स्वयं का आधार प्रमाणीकरण करने को कहा गया है। यह काम 30 जून तक हर हाल में करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य विभाग के अफसरों ने बताया कि कुल 12 लाख 23 हजार 239 लोगों के नाम-पते सही नहीं मिले। 2634 हितग्राहियों के आधार कार्ड भी विभाग को नहीं मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्र के हजारों हितग्राहियों ने आधार कार्ड बनाने के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन अभी तक उन्हें कार्ड न मिलने के कारण आधार नंबर की जानकारी नहीं है। इन लोगों के पास केवल आधार नामांकन की स्लिप है।

निगम में भी बुरा हाल: आधार सीडिंग के बाद दुर्ग नगर निगम में कुल 5 हजार 557 राशन कार्ड का सत्यापन नहीं हो पाया। भिलाई नगर निगम में कुल 28 हजार 814 राशन कार्ड का सत्यापन नहीं हो पाया। चरौदा नगर निगम में 6 हजार 486 कार्डधारियों के नाम पते, गलत होने का पता चला।

ऐसे किया जाएगा कार्ड का सत्यापन

हमारे जिले में अभी इस प्रकार है स्थिति

दुर्ग ब्लाक

41 हजार 748 राशन कार्डधारी हैं।

20 हजार 959 का आधार सीडिंग के बाद कार्ड में नाम, पते गलत पाए गए।

धमधा ब्लाक

49 हजार 780 राशन कार्डधारी हैं।

16 हजार 598 कार्ड में नाम और पता गलत पाए गए।

पाटन ब्लाक

46 हजार 229 राशन कार्डधारी हैं।

37 हजार 952 कार्ड में नाम की एंट्री व अन्य जानकारी गलत मिली।

राशन दुकान का सेल्समैन आधार नंबर को क्यूआर कोड रीडर एप के माध्यम से कैप्चर करेगा। इसके बाद राशन कार्ड को आधार से लिंक किया जाएगा। जिन लोगों ने आधार नामांकन करा लिया है, लेकिन उनके पास आधार नंबर नहीं है, वे नामांकन की पहचान स्लिप दे सकते हैं। जिन हितग्राहियों के आधार का नामांकन हो चुका है और नामांकन पहचान स्लिप भी नहीं है, वे पंजीयन केन्द्र जाकर दोबारा ई आधार प्राप्त कर सकते हैं।

जिनके पास आधार नंबर नहीं, वो ये करें

जिन राशन कार्ड धारकों के पास आधार नंबर नहीं है, वे 30 जून तक नामांकन कराने के बाद नामांकन स्लिप दे सकते हैं। इसके बाद ही उन्हें राशन दिया जाएगा। हितग्राही से पूछकर आधार में दर्ज नाम, पता सही होने पर राशन कार्ड में सुधार किया जाएगा।

किया जा रहा सत्यापन

राशन दुकानों में उन हितग्राहियों की सूची भेजी गई है, जिनके नाम या पते न मिलने सहित अन्य कारणों से आधार लिंक करने में समस्या आ रही है। ऐसे लोगों का सत्यापन किया जाएगा। यह काम 30 जून तक हर हाल में करने के निर्देश दिए गए हैं। सीपी दीपांकर फूड कंट्रोलर, खाद्य विभाग दुर्ग

खबरें और भी हैं...