दुर्ग|दो लोगों के बीच हुए विवाद के दौरान मोबाइल चुराने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश शुक्रवार को औने-पौने दाम पर मोबाइल बेचने निकला था। इस दौरान वह पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी ने दो महीने पहले मठपारा दुर्ग से अधिवक्ता माधवी मौर का मोबाइल लेकर फरार हो गया था। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। एएसपी डीआर पोर्ते ने बताया कि 16 मार्च 2018 को अधिवक्ता माधवी मौर के परिजन का मठपारा दुर्ग के पास किसी व्यक्ति से विवाद हो गया था। इस बीच कबीरधाम निवासी सतीश लांझी मध्यस्थता करने पहुंच गया। मौका पाकर सतीश ने उनका मोबाइल चुरा लिया और वहां से फरार हो गया। करीब दो माह बाद वह शुक्रवार को इसे बेचने के लिए पुराने बस स्टैंड के समीप घूम रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे धरदबोचा। पुलिस ने आरोपी पर कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया।