वाद खारिज होते ही सियासत, भाजपा बोली- भूपेश को अध्यक्ष पद से हटाएं
जिला कोर्ट दुर्ग द्वारा कुरुदडीह की जमीन से भूपेश बघेल के परिवार के कब्जे का दावा खारिज करने के बाद सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल को पद से हटाने की मांग की है।
विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने न्यायालय के इस निर्णय पर कि बघेल के परिजन उनके द्वारा बताई जा रही भूमि पर अपना मालिकाना हक साबित करने में असफल रहे हैं। अत: सरकारी ज़मीन को उनके कब्जे से मुक्त कराया जाए। शर्मा ने कहा कि ईमानदारी का ढोल बजाने वाले बघेल अब बेनकाब हो गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से अपेक्षा है कि वे इस मामले का संज्ञान ले बघेल को पदमुक्त करें।
पाटन की जमीन किसानों को वापस करें : इधर, जनता कांग्रेस ने सरकार से 50 एकड़ जमीन को 32 किसानों को वापस करने की मांग की है। प्रदेश प्रवक्ता सुब्रत डे ने इसे न्याय की जीत बताते हुए कहा कि सत्य परेशान हो सकता है पर पराजित नही हो सकता। डे ने कहा कि यह दुर्भाग्य जनक है कि इन गरीब, भूमिहीन आदिवासी किसानों की जमीन का एक जमींदार परिवार ने बलात कब्जा कर बेदखल कर दिया। ये आदिवासी परिवार 38 साल से लगातार न्याय की बाट जोह रहे थे। इन गरीब आदिवासी परिवारों को अपनी आजीविका चलाने के लिए किसान से मजदूर बनना पड़ा।
पिछले 2 साल से इनकी लड़ाई जनता कांग्रेस लड़ रही है। पूर्व मंत्री विधान मिश्रा के प्रयास के कारण ही आज इन परिवारों को न्याय की उम्मीद जागी है।