सोशल मीडिया में अजनबी से रहें दूर, बचे रहेंगे ठगी से
सोशल मीडिया व ठगी के अपराधों से जुड़ी जानकारी देते पुलिस अधिकारी
सिटी रिपोर्टर | दुर्ग
पुलिस ने शहर में जनमित्र मुहिम शुरू की है। इसके तहत ऑनलाइन ठगी, मोबाइल फोन के जरिए धोखाधड़ी व सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से पब्लिक को जागरूक किया जा रहा। जनमित्र के माध्यम से प्रशिक्षु डीएसपी सिद्धार्थ बघेल द्वारा विशेष रूप से महिलाओं व युवाओं को जानकारी दी जा रही।
इसे लेकर इंदिरा मार्केट स्थित कस्तूरबा स्कूल में एक बैठक बुलाई गई। जहां स्थानीय लोगों को इस बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया में उनसे ही आप जुड़े जिन्हें आप पहले से पहचानते हैं। फोटोज को अपलोड करते समय इसकी प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखें। साम्प्रदायिक विवाद में कोई कमेंट नहीं करें। अश्लील व आपत्तिजनक चित्रों को फैलने से रोकें।
महिलाओं को जागरूक होने की ज्यादा जरूरत
उन्होंने बताया कि महिलाओं का जागरूक होना अधिक जरूरी है। सुने घर में किसी भी अजनबी को न आने दें। ऑटो टैक्स में सफर के दौरान गाड़ी का नंबर जरूर नोट करें। पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 100 हमेशा याद रखें। यदि कोई लगातार आपका पीछा करता है, या परेशान कर रहा तो जरूर इसकी सूचना पुलिस को दें। किसी भी घटना को हल्के में न लें, उसके बारे में अपने परिजनों व जरूरत पड़ने पर पुलिस को खबर करें।