राजधानी रायपुर में सोमवार को दोपहर में तेज गर्मी रहेगी। पारा 43 डिग्री के आसपास पहुंचेगा, लेकिन शाम व रात को आसमान में बादल रहने के आसार हैं। उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
रविवार को राजधानी में तेज गर्मी रही। दोपहर का तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार के मुकाबले तापमान में मामूली गिरावट आई। हवा में नमी भी शाम तक महज 19 फीसदी के आसपास थी। दोपहर बाद कुछ तेज हवा चली। इधर, प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। अंबिकापुर, पेंड्रारोड, जगदलपुर में तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रहा। दुर्ग, राजनांदगांव में पारा 42 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार राजस्थान से होकर उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्यप्रदेश, दक्षिण बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका बनी है।
मध्यप्रदेश के उत्तरी संभाग व आसपास ऊपरी हवा में एक चक्रवात है। इसकी वजह से उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में आसमान साफ रहेगा। दोपहर बाद या शाम को हल्के बादल रहने के आसार हैं। दिन का तापमान 43 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।