संचार क्रांति योजना के तहत शहर में अलग-अलग वार्डों में शिविर लगाया जा रहा, जहां फार्म भरे जा रहे।
प्रशासनिक रिपोर्टर | दुर्ग
संचार क्रांति योजना के तहत मिलने वाले मोबाइल फोन को लेकर शिविर स्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट रही। निर्धारित शिविर स्थल पर आवेदन जमा लिए जा रहे। इधर शंकर नगर पानी टंकी के करीब सरकारी स्कूल में अपरिहार्य कारणों से शिविर का आयोजन नहीं किया गया।
इसके चलते वार्ड-9, 10 और 11 की पब्लिक खासी परेशान रही। निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डोंं के लिए करीब 22 शिविर स्थल तय किए गए हैं। जहां 18 मई से शिविर के माध्यम से आवेदन जमा लिए जा रहे हैं। शिविरों में तीन सेक्टर अधिकारी, 16 नोडल अधिकारी और 53 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 60 वार्डो में 35746 बीपीएल परिवार हैं। रविवार को लगाए गए शिविर में 9847 ने आवेदन लिए। वहीं 2238 हितग्राहियों ने मौके पर ही आवेदन जमा किए। पूर्व निर्धारित शिविर स्थलों में से शंकर नगर क्षेत्र के लिए शिविर आयोजन नहीं किया गया। इसे लेकर वार्ड-9 से पार्षद ज्ञानेश्वर ताम्रकार ने आपत्ति भी की। उन्होंने मामले को लेकर शिकायत की, लेकिन शिविर का आयोजन नहीं किया गया। इस वजह से वार्डवासियों को काफी दिक्कत हुई।