पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bhilai
  • 50 हजार से ज्यादा श्रमिकों को मिलेगी साइकिल, सिलाई मशीन, औजार किट

50 हजार से ज्यादा श्रमिकों को मिलेगी साइकिल, सिलाई मशीन, औजार किट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मार्च तक जिले में एक लाख 54 हजार से ज्यादा श्रमिकों का पंजीयन करने के बाद 12 जून को लगभग 50 हजार लोगों को बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। शासन की योजनाओं के तहत सिलाई मशीन, साइकिल, रोजगार किट सहित अन्य योजनाओं का लाभ श्रमिकों को मिलेगा। जिले में श्रम कल्याण योजना के तहत अब तक कुल 32 हजार 794 हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल चुका है।

पंजीयन करा चुके श्रमिकों को योजना का लाभ देने 12 जून को श्रम शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में श्रमिकों को सिलाई मशीन, साइकिल, बीमा योजना, रोजगार किट सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। कलेक्टर के निर्देश पर श्रम विभाग सहित नगरीय निकायों ने सम्मेलन की तैयारी शुरू कर दी है।

फिलहाल नाम जोड़ने का चल रहा काम

अफसरों ने बताया कि पंजीयन के लिए अभियान चलाने के बाद पहले चरण में श्रमिकों को योजनाओं का लाभ देने के बाद दूसरे चरण में जुलाई में अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर उमेश अग्रवाल ने श्रम विभाग के अफसरों को श्रम शक्ति सम्मेलन की तैयारी करने कड़े निर्देश दिए हैं। जिन लोगों का पंजीयन नहीं हुआ है, उनके नाम जोड़ने का काम चल रहा है।

घरेलू महिला कामगारों का होगा पंजीयन

कलेक्टर के निर्देश पर जिले में श्रमिकों का पंजीयन करने मार्च में श्रमवीर अभियान शुरू हुआ था। अभियान के तहत मितानिनों, आंगनबाड़ी सहायिकाओं, रसोइयों और सफाई कामगारों के अलावा घरेलू महिला कामगारों का पंजीयन भी किया गया।

मिलेगा लाभ

जिले में छूटे हुए श्रमिकों का पंजीयन करने श्रमवीर अभियान चलाया गया। अब तक एक लाख श्रमिकों का बीमा कराया जा चुका है। श्रम शक्ति सम्मेलन में हजारों श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिलेगा। संजय अग्रवाल, अपर कलेक्टर, दुर्ग

खबरें और भी हैं...