पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bhilai
  • जेल रोड पर दुर्ग नगर निगम बनाएगा सिटी सेंटर, मास्टर प्लान के लिए बनाया प्रस्ताव

जेल रोड पर दुर्ग नगर निगम बनाएगा सिटी सेंटर, मास्टर प्लान के लिए बनाया प्रस्ताव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिला मुख्यालय में ढाई दशक पुरानी योजना का प्रस्ताव नए मास्टर प्लान में जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने सेंट्रल जेल के पास सरकारी पोल्ट्री फार्म (कुक्कुट पालन केंद्र) को अंजोरा में शिफ्ट करने का प्रस्ताव बनाया है। पिछले दो दशक से यहां सिटी सेंटर की मांग हो रही है। इस प्रस्ताव पर शासन की मुहर लगने के बाद कुक्कुट पालन केंद्र को हटाकर सिटी सेंटर का निर्माण किया जाएगा।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अफसरों ने पिछले हफ्ते प्रस्तावित मास्टर प्लान के सभी प्रस्तावों की जानकारी दुर्ग नगर निगम के महापौर और कमिश्नर को दी थी। बैठक में कुक्कुट पालन केंद्र के स्थान पर सिटी सेंटर स्थापित करने का सुझाव आया। जिस पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अफसरों ने सहमति जताई। अब यह प्रस्ताव शासन के पास भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने पर मास्टर प्लान में संशोधन किया जाएगा। अफसरों ने बताया िक केंद्र सरकार ने हाल ही में भारतमाला परियोजना के तहत नए बायपास निर्माण को मंजूरी दी है। यह रोड शहर के उसी आउटर के पास गुजरेगी जहां कुक्कुट पालन केंद्र स्थापित है।

कुक्कुट पालन केंद्र को अंजोरा में किया जाएगा शिफ्ट

दुर्ग स्थित कुक्कुट पालन केंद्र को अंजोरा में शिफ्ट होगा, इसी स्थान पर सिटी सेंटर का प्लान है।

शहर के बीच आ गया पोल्ट्री फॉर्म इसलिए शिफ्ट करना जरूरी

नए मास्टर प्लान में सरकारी पोल्ट्री फार्म को शहर के बाहर अंजोरा में शिफ्ट करने का प्रस्ताव रखा गया है। अफसरों का कहना है कि सरकारी पोल्ट्री फार्म की स्थापना के समय यह शहर के बाहर था। आबादी और बसाहट में तेजी से विस्तार के कारण कुक्कुट पालन केंद्र शहर के बीचोंबीच आ गया है। इसके चारों ओर घनी बसाहट है। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखकर इसे शहर के बाहर शिफ्ट करना जरूरी माना जा रहा है।

सभी सुझावों को भेजेंगे सरकार के पास

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को भिलाई और दुर्ग नगर निगम से दर्जनों सुझाव मिले हैं। इन सुझावों को संचालनालय भेजा जाएगा। विभागीय अफसर अगले हफ्ते मास्टर प्लान के सुझावों की जानकारी कलेक्टर को देंगे। कलेक्टर से चर्चा के बाद सभी सुझावों को संचालनालय भेजा जाएगा।

सिटी सेंटर बनाने के लिए 25 साल से निगम मांग रहा था जमीन

सरकारी पोल्ट्री फार्म की सैकड़ों एकड़ जमीन नगर निगम को हस्तांतरित करने की मांग पिछले ढाई दशक से हो रही है। पूर्व महापौर आरएन वर्मा के कार्यकाल में सबसे पहले पोल्ट्री फार्म की जमीन निगम को देने की मांग की गई। मांग अनसुनी होने पर पूर्व महापौर सरोज पांडेय ने इस जमीन पर सिटी सेंटर स्थापित करने शासन से जमीन मांगी। उन्होंने कई बार शासन से भूमि की मांग की लेकिन जमीन नहीं मिली।

आखिर क्या होगा इस सिटी सेंटर में, जानिए...

सरकारी पोल्ट्री फार्म को हटाने के बाद यहां नगर निगम ने मल्टीप्लेक्स का निर्माण करने की योजना बनाई है। अफसरों का कहना है कि शहर के बीच काफी बड़ी जमीन होने के कारण यहां शॉपिंग मॉल या कमर्शियल सेंटर बनाया जा सकता है।

शासन को भेज रहे प्रस्ताव

पोल्ट्री फार्म को शहर के बाहर स्थापित करना जरूरी है। यहां की जमीन निगम को मिलने पर सिटी सेंटर के रूप में डेवलप किया जाएगा। यहां मॉल या कमर्शियल कॉम्पलेक्स सहित गार्डन का निर्माण किया जाएगा। यह प्रस्ताव शासन को भेज रहे हैं। चंद्रिका चंद्राकर, महापौर, दुर्ग

शासन लेगा निर्णय

सरकारी पोल्ट्री फार्म के स्थान पर सिटी सेंटर का प्रस्ताव काफी महत्वपूर्ण है। भारतमाला परियोजना के तहत बायपास रोड बनने के कारण यहां सिटी सेंटर का प्रस्ताव महत्वपूर्ण है। शासन प्रस्तावों पर निर्णय लेगा। संदीप बांगड़े, जाइंट डायरेक्टर, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग, दुर्ग

खबरें और भी हैं...