जोगी की सभा में आएंगी बंगाल की सीएम ममता
मरवाही विधायक व जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता अमित जोगी शुक्रवार की दोपहर दुर्ग पहुंचे। वे संगठन के वरिष्ठ नेता प्रकाश देशलहरा के निवास पहुंचे। जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान तय किया कि 29 अप्रैल को विशाल सभा की जाए। इसमें करीब 5 लाख समर्थक जुटें। इसके लिए हर विधानसभा से करीब 10 हजार कार्यकर्ता रायपुर पहुंचें। जोगी बैगापारा स्थित हेमचंद यादव के घर भी पहुंचे। जहां उन्होंने हेमचंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
देशलहरा निवास में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर, ग्रामीण, भिलाईनगर, अहिवारा और पाटन से 10-10 कार्यकर्ता रायपुर पहुंचें। जोगी ने कहा कि साइंस कॉलेज रायपुर के मैदान में यह आयोजन होना है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन पूरे 90 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगा। इस अवसर पर संगठन के लोकसभा प्रभारी महेश देवांगन, दुर्ग ग्रामीण विधान सभा प्रत्याशी डॉ. बालमुकुंद देवांगन, प्रकाश देशलहरा, रेखा तिवारी, अय्यूब खांन, विजय चंद्राकर सहित अन्य मौजूद थे।
हेमचंद के परिजनों से मिले अमित।
हमारी पार्टी में कांग्रेसियों का भी स्वागत है:अमित
उन्होंने कांग्रेस से आने वाले विधायक व नेताओं को लेकर कहा कि यदि वे हमारी पार्टी में शामिल होते हैं, तो उनका स्वागत है। उन्होंने कांग्रेस की पिछले चुनाव में हुई हार को लेकर कहा कि वह केवल टिकट वितरण में अनियमितता को लेकर होने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस में निर्णय दिल्ली या फिर नागपुर से बैठकर नहीं होगा। स्थानीय कार्यकर्ता व नेता ही सबकुछ तय करेंगे।