भास्कर न्यूज. सिरसा | ऐलनाबाद, रानियां
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं का परीक्षा परिणाम सोमवार को जारी हुआ। सिरसा जिला का पास प्रतिशत 52.46 प्रतिशत रहा जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.4 प्रतिशत ज्यादा रहा। पिछले साल दसवीं का परिणाम 50.42 प्रतिशत था। इस बार प्रदेश की टॉप टेन लिस्ट में भी सिरसा के तीन विद्यार्थियों ने स्थान हासिल किया। ऐलनाबाद स्थित सरस्वती हाई स्कूल की छात्रा सोनाली ने प्रदेश स्तर पर दूसरा जबकि इसी स्कूल की एक अन्य छात्रा दीक्षा और गांव महमदपुरिया स्थित सर छोटूराम जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र अजय सिंह ने आठवां स्थान हासिल किया।
शिक्षा बोर्ड की ओर से सोमवार को दोपहर बाद परीक्षा परिणाम घोषित किया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने अपना-अपना परिणाम टटोलना शुरू किया। शिक्षा बोर्ड की ओर से भी प्रदेश की टॉप टेन सूची जारी की गई। पिछले वर्ष की अपेक्षा परीक्षा परिणाम सुधरा है। हालांकि अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों का परिणाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
दसवीं की इस परीक्षा में जिले के 16894 विद्यार्थियों ने भाग लिया और उनमें से 8862 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। हालांकि इसमें लड़कियां लड़कों से आगे रही। जहां एक ओर लड़कों का पास प्रतिशत 48.61 प्रतिशत रहा वहीं दूसरी ओर लड़कियों का पास प्रतिशत 56.71 प्रतिशत। यानी लड़कियां लड़कों से आगे रहीं। जिले भर में 8867 लड़कों ने परीक्षा दी जिसमें से 4310 ही उत्तीर्ण हुए। जबकि 8027 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुई और उनमें से 4552 छात्राएं उत्तीर्ण हुई।
10 में से 3 टॉपर के साथ प्रदेश में टॉप पर सिरसा
ऐलनाबाद। सरस्वती हाई स्कूल के स्टाफ सदस्य हरियाणा बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में रही सेकेंड टॉपर रही सोनाली को सम्मानित कर खुशी का इजहार करते हुए।
तीन साल में ऐसे सुधरा रिजल्ट
वर्ष पास प्रतिशत
2016 47.16
2017 50.42
2018 52.46
सिरसा जिला का 2018 का परीक्षा परिणाम
कुल विद्यार्थी पास प्रतिशत
कुल 16894 8862 52.46
लड़के 8867 4310 48.61
लड़कियां 8027 4552 56.71
एक्सट्रा क्लास ने दिलाया अजय को अच्छा मुकाम
रानियां। अपने परिजनों के साथ जीत का निशान बनाता छात्र अजय।
इंजीनियर बनना चाहती हंै जिला टॉपर सोनाली
प्रदेश की लिस्ट में दूसरा और जिला टॉप करने वाली सोनाली के पिता भूदेव सिंह चाट और गोल गप्पे की रेहड़ी लगाते हैं। सोनाली ने बताया कि वह स्कूल टाइम के अलावा रोजाना करीब 6 घंटे नियमित रूप से पढ़ती थी। परीक्षा के दिनों में उसने अपना समय बढ़ाकर 8 घंटे तक भी किया। कुल अंक 500 में से 495 अंक हासिल करने वाली सोनाली ने बताया कि उसकी रूचि साइंस एंड टेक्नोलॉजी में है। इसलिए वह इंजीनियर बनना चाहती है। वह कोटा जाकर आईआईटी की तैयारी करना चाहती है लेकिन उसके परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते उसने कोटा जाने का विचार छोड़कर यहीं पर ही रहकर तैयारी करने का मन बनाया है।
डॉक्टर बनना चाहती है सेकेंड जिला टॉपर दीक्षा
गांव में महमदपुरिया स्थित सर छोटू राम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र अजय सिंह ने 489 नंबर लेकर प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। अजय ने बताया कि छुट्टी के बाद उनकी एक्स्ट्रा क्लास शुरु हो जाती थी और शाम 5 बजे स्कूल से घर जाते थे। घर में अलग से पढ़ाई नहीं की। हां, कभी कभार हल्का से रिविजन जरूर करता रहा। रविवार को भी स्कूल में सुबह 10 बजे से शाम 5बजे तक पढ़ाई करते थे। अजय अब बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई करना चाहता है ताकि देश के किसानों के लिए खेती की नई तकनीक विकसित कर बेहतर फसल उत्पादन कराने में मदद कर सके।
ऐलनाबाद के ही सरस्वती हाई स्कूल की छात्रा दीक्षा ने 489 अंकों के साथ प्रदेश की सूची में आठवां और जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। दीक्षा की इच्छा है कि वह खूब मेहनत कर डॉक्टर बने। इस उद्देश्य को ध्यान में रखकर वह अध्यापकों के दिशा निर्देश में पढ़ाई करती रही हैं। कड़ी मेहनत से पढ़ाई करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। तीन बहनों में सबसे छोटी दीक्षा ने कहा कि उसके पिता ने पढ़ाई में बहुत सहयोग किया है।