ऐलनाबाद | शहर की ममेरां रोड बाइपास पर स्थित नचिकेतन पब्लिक स्कूल में वार्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के मुख्यातिथि सीएमओ सिरसा डाॅ. गोविंद गुप्ता व विशिष्ट अतिथि समाजसेवी हनुमान प्रसाद अग्रवाल थे। शिविर में कुल 30 महिलाओं सहित 151 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। शिविर में जिला रेडक्रॉस ब्लड बैंक सिरसा के कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में उनकी टीम ने सेवाएं दी। जिसमें डाॅ. सहवाज, एलटी करनैल सिंह व टीम स्टाफ के अन्य सदस्य शामिल थे। मुख्यातिथि डाॅ. गोविंद गुप्ता ने कहा कि रक्तदान करना वास्तव में पुण्य का कार्य है। रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती। हमारा शरीर कुछ समय में रक्त की आपूर्ति कर लेता है। 3 महीने के अंतराल में कोई भी रक्तदान कर सकता है।