बिना डिग्री अस्पताल चला रहे संचालक पर केस दर्ज
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांव खारी सुरेरा में चल रहे गैर मंजूरशुदा अस्पताल पर छापा मारकर पकड़ी गई 25 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयों के मामले में पुलिस ने आरोपी अस्पताल संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित इंडियन मेडिकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी सूरजभान ने बताया कि गांव खारी सुरेरां के अमित कुमार ने सीएम विंडो पर शिकायत दी थी कि उनके गावं में एक व्यक्ति बिना किसी डिग्री के मेडिकल प्रैक्टिस करता है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसएमओ डाॅ. हरप्रीत कौर के नेतृत्व में सोमवार को इस पर संज्ञान लेते हुए गांव के दर्शन सिंह के अस्पताल पर छापा मारा था। यह व्यक्ति अनमोल मेडिकल के नाम से क्लीनिक चलाता है। जब उससे डिग्री मांगी गई को उसके पास नहीं थी। विभाग की टीम ने उसके पास 25 तरह की एलोपैथी दवाइयां बरामद की। एसएमओ डॉ. हरप्रीत कौर ने इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत दी थी जिस पर पुलिस ने धोखाधड़ी सहित इंडियन मेडिकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बता दें कि 10 मई को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड 7 स्थित एक क्लीनिक पर छापा मारकर बिना डिग्री प्रैक्टिस करने वाले तोलाराम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।