फलसूंड | क्षेत्र की कई ढाणियों व राजस्व गांवों में पिछले कई महीनों से समय पर पानी की सप्लाई नहीं होने से आमजन व गरीब तबके के लोगों के हाल बेहाल हो रहे हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते आवारा पशुओं की बगैर पानी अकाल मौत हो रही है। इसके बावजूद भी जलदाय विभाग के अधिकारी व जिले के उच्चाधिकारी इस क्षेत्र की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं हर बार की भांति इस बार भी राज्य सरकार ने दो माह के लिए जिन ढाणियों में पानी की सप्लाई नहीं होती है वहां पर पानी के टैंकर डालने के लिए ठेकेदारों से टेंडर की निविदाएं मांगी और एक ठेकेदार का टेंडर हुए 15-20 दिन हो गए। उसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। फलसूंड में 4 टेंकरों को पशु खेळियों की सप्लाई व अन्य सार्वजनिक प्वॉइंटों पर पानी सप्लाई करने के निर्देश दे रखे हैं। लेकिन यह ड्राइवर न तो समय पर पशु खेळियों में न ही सार्वजनिक प्वॉइंटों पर पानी सप्लाई करते हैं।