विकास यात्रा भाजपा की प्रचार यात्रा है: कांग्रेस
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने लंजोड़ा से फरसगांव तक बाइक रैली निकाली।
भास्कर न्यूज | फरसगांव
राज्य की भाजपा सरकार के खोखले विकास के दावों की पोल खोलने छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विकास खोजो यात्रा मंगलवार को फरसगांव पहुंची। इस मौके पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने लंजोड़ा से बाइक रैली निकाल फरसगांव पहुंची। यहां सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक संत नेताम ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार जनता की कमाई के पैसों और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करते हुए विकास यात्रा निकाल रही है, जो वास्तव में विकास यात्रा नहीं भाजपा की प्रचार यात्रा है।
उपनेता प्रतिपक्ष कवासी लखमा ने कहा कि आज प्रदेश में चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है। शिक्षक से लेकर रसोइया तक राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। क्षेत्र में शासन ने शौचालय तो बना दिए हैं, लेकिन आज तक उसका पैसा कई ग्रामीणों को नहीं मिला है। आने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी हार को देखते हुए खोखले विकास का दावा करते हुए भाजपा सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर विकास यात्रा निकाल रही है। उन्होंने कहा जहां-जहां विकास यात्रा के दौरान डॉ. रमन सिंग की सभा होगी, वहां-वहां नुक्कड़ सभा कर कांग्रेसी लोगों से चर्चा करेंगे कि क्या वाकई में उनका व उनके क्षेत्र का विकास हुआ है।