फरीदाबाद | बैंक कर्मचारी की गलती से 2.50 लाख रुपए किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। गलती का पता लगने के बाद अब जिसके खाते में पैसे गए, उससे इन्हें वापस करने के लिए कई बार कहा लेकिन वह व्यक्ति नहीं मान रहा है। बैंक प्रबंधक की ओर से इस व्यक्ति के खिलाफ ओल्ड फरीदाबाद थाने में केस दर्ज कराया गया है। फरीदाबाद केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक की तरफ से पुलिस को दी शिकायत में कहा गया कि ओल्ड फरीदाबाद निवासी रणबीर सिंह उनके बैंक में खाताधारक है। रणबीर ने 31 अक्टूबर 2017 को पंजाब नेशनल बैंक का 2.5 लाख रुपए का चेक अपने खाते में जमा कराने के लिए दिया था। यह चेक ओमप्रकाश द्वारा काटा गया था। खाते में पर्याप्त राशि न होने पर 15 नवंबर 2017 को चेक वापस आ गया। रणबीर सिंह ने वही चेक 19 जनवरी 2018 को फिर से बैंक में लगा दिया। चेक फिर से पंजाब नेशनल बैंक भेजा गया। यहां क्लीयरिंग शाखा में वह चेक गुम हो गया।